लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के समक्ष आज जनपद लखनऊ स्थित उनके सरकारी आवास पर खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा राशन की दुकानों के अपग्रेडेशन (अन्नपूर्णा उचित दर की दुकान एवं जनसुविधा केंद्र) के संबंध में प्रस्तुतिकरण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नपूर्णा मॉडल दुकानों का निर्माण ग्राम सचिवालय के नजदीक ग्राम सभा की जमीन पर किया जाए, जिससे आमजन को दैनिक आवश्यकता की वस्तुएं व अन्य सेवाएं सुगमतापूर्वक उपलब्ध हो सकें।
इन मॉडल दुकानों में राशन कार्ड धारकों को निर्धारित तिथियों में खाद्यान्न का वितरण किया जाए। इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटे एवं ई-पॉस मशीन का उपयोग किया जाए।
अन्नपूर्णा उचित दर की दुकान एवं जनसुविधा केंद्र में आय, जाति, जन्म, निवास प्रमाण पत्र, आधार, पेंशन व अन्य सेवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, यहां पर जनरल स्टोर के माध्यम से जनसामान्य को रोजमर्रा की आवश्यकता के सामान उपलब्ध कराए जाएं।
अधिकारी नियमित रूप से सप्ताह में एक दिन ग्राम पंचायतों का दौरा कर इन सुविधाओं का जायजा लें।




