Home / उत्तर प्रदेश / पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के पुण्यतिथि पर प्रतिमा पर अखिलेश यादव ने पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के पुण्यतिथि पर प्रतिमा पर अखिलेश यादव ने पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की

Spread the love

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने पूर्व प्रधामंत्री चौधरी चरण सिंह जी की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय और विधानसभा भवन परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी ने किसानों, नौजवानों, मजदूरों को जगाने का काम किया। उन्होंनेे कहा था कि बिना किसानों के खुशहाली के देश का विकास नहीं होगा। हर वर्ग के लोगों ने चौधरी साहब को किसानों का नेता माना। समाजवादी पार्टी चौधरी साहब के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेती है। समाजवादी लोग चाहते हैं कि चौधरी चरण सिंह जी के सपने पूरे हो।
विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी के पास संख्या बल कम के सवाल पर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने दलित और पिछड़े वर्ग का प्रत्याशी उतारा है। इससे पिछड़ों के नाम पर राजनीतिक लाभ उठाने वाले कई लोग एक्सपोज हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पिछड़ों, दलितों को संविधान में दिए हक और सम्मान को छीन रही है। भाजपा दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय कर रही है। भाजपा लिटरल एंट्री, आउटसोर्स, और निजीकरण के जरिए पिछड़ों, दलितों को नौकरियों, अवसर और आरक्षण से वंचित कर रही है। विश्वविद्यालय और कालेजों की नियुक्तियों, नौकरी और भर्तियों मे हर जगह मनमाने तरीके से अपने चहेतों की भर्ती कर रही है। संविधान और नियमों के अनुसार आरक्षण नहीं दे रही है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा पिछड़ों और दलितों से वोट तो लेती है लेकिन जातीय जनगणना नहीं कराना चाहती है। उन्हें जनसंख्या के अनुपात में हक नहीं देना चाहती। भाजपा सामाजिक न्याय की विरोधी है।
श्री यादव ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने जनता को धोखा दिया। जनता से किए वादे पूरे नहीं किए। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र की घोषणाओं को पलटकर नहीं देखा। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में उत्तर प्रदेश के कितने शहरों में एम्स बनाने का वादा किया था लेकिन अब उसे यह याद भी नहीं होगा। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। भाजपा यह भी वादा भूल गयी। इसी तरह से स्मार्ट सिटी बनाने के नाम पर झूठ बोला और धोखा दिया। नदियों की सफाई नहीं हुई। नमामि गंगे के नाम पर हजारों करोड़ के बजट की लूट हो गयी लेकिन मां गंगा साफ नहीं हुई। मंहगाई, बेरोजगारी चरम पर पहुंच गयी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संविधान और कानून की धज्जियां उड़ा रही है। जब वोट लेना था तब बेटी बचाओ का नारा दिया था अब सरकार में हैं तो बेटियों को अपमानित कर रहे हैं। उन्हें सड़कों पर घसीट रहे हैं। भाजपा जनता को भ्रमित करने के लिए दिखावटी नारे देती है। पूरा देश देख रहा है कि कुश्ती में मेडल जीत कर देश का मस्तक ऊंचा उठाने वाली बेटियों को भाजपा सरकार अपमानित कर रही है। अगले चुनाव में यही माताएं, बहनें और बेटियां भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा नीति आयोग की रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य समेत सभी मानकों पर देश के अन्य राज्यों से पीछे हैं। अस्पतालों में मरीजों को दवा और इलाज नहीं मिल रहा है। सरकार जनता को गुमराह करने के लिए वन ट्रिलियन डॉलर का सपना दिखा रही है। निवेश के नाम पर कई इन्वेस्टर मीट हुए लेकिन कोई इन्वेस्टमेंट जमीन पर नहीं उतरा। कहीं फैक्ट्रियां और कम्पनियां नहीं लगी। नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं मिला।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *