सर सैयद दिवस के अवसर पर, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ओल्ड बॉयज़ एसोसिएशन, लखनऊ की ओर से इस वर्ष शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए दूसरा ‘पद्म भूषण’ डॉ. कल्बे सादिक़ मेमोरियल अवार्ड अल-अमीन मिशन कोलकाता के संस्थापक महासचिव मुहम्मद नूरुल इस्लाम को शिक्षा के क्षेत्र में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा। एसोसिएशन के मानद सचिव इं. एस.एम. शोएब ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सर सैयद दिवस का समारोह पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरे धूमधाम और उत्साह पूर्वक 17 अक्टूबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में आयोजित किया जाएगा। शाम 6:30 बजे से होगा, जिसके मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश और एएमयू के पूर्व छात्र जस्टिस शबीहुल हसनैन होंगें। जस्टिस हसनैन वर्तमान में पंजाब PITSNDPA बोर्ड, चंडीगढ़ के अध्यक्ष का पद संभाल रहे हैं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि ए.एम.यू. के पूर्व संगीत शिक्षक जॉनी फॉस्टर होंगे, जिन्हें न केवल अलीग समुदाय में बल्कि साहित्यिक क्षेत्रों में एक प्रतिष्ठित शायर के रूप में भी बहुत सम्मान के साथ देखा जाता है। डॉ. कल्बे सादिक़ मेमोरियल अवार्ड के बारे में अधिक जानकारी देते हुए इं. शोएब ने कहा कि प्रख्यात धार्मिक विद्वान और शिक्षाविद् स्व. डॉ. कल्बे सादिक़, एएमयू के उन चुनिंदा पूर्व छात्रों में से हैं, जिन्होंने न केवल सर सैयद के शैक्षिक मिशन को बढ़ावा दिया, बल्कि जीवन भर उस के लिए प्रयासरत भी रहे। पिछले साल यह पुरस्कार शाहीन ग्रुप आफ़ॅ इंस्टीट्यूशन्स कर्नाटक के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अब्दुल क़दीर को दिया गया था।
सर सैयद डे कार्यक्रम में पारंपरिक रात्रि भोज के बाद जॉनी फ़ाॅस्टर शाम-ए-ग़ज़ल में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इंजीनियर शोएब ने सर सैयद के सभी प्रशंसकों खासकर अलीग समुदाय से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
सर सैयद दिवस पर अल अमीन मिशन के संस्थापक एम नूरुल इस्लाम को डॉ. कल्बे सादिक़ शिक्षा पुरस्कार





