लखनऊ 11 फरवरी 2023
सदस्य सचिव, उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण संजय सिंह प्रथम ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देश पर न्यायमूर्ति श्री प्रीतिंकर दिवाकर, न्यायाधीश, उच्च न्यायालय इलाहाबाद/कार्यपालक अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कुशल निर्देशन में सम्पूर्ण प्रदेश में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु 03 फरवरी 2023 को न्यायमूर्ति श्री प्रीतिंकर दिवाकर, न्यायाधीश, उच्च न्यायालय, इलाहाबाद/कार्यपालक अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वीडियो कान्फ्रेन्सिग के माध्यम से उत्तर प्रदेश के समस्त जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों, मोटर दुर्घटना ट्रिब्युनल, पारिवारिक न्यायालय, व्यवसायिक न्यायालय व स्थायी लोक अदालत आदि के पीठासीन अधिकारियो एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों से विशेष रूप से न्यायालयों में लम्बित मामलों के अधिक से अधिक संख्या में निस्तारण करने एवं राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु निर्देशित किया गया।
प्राप्त सूचना के अनुसार, सायं 06ः00 बजे तक, उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोक अदालत 11 फरवरी 2023 में विभिन्न न्यायालयों/अधिकरणों द्वारा 4257776 प्री-लिटिगेशन वाद, 262737 लम्बित वाद, 106925 विशेष लोक अदालत (लघु आपराधिक वाद) इस प्रकार कुल 4627438 वाद निस्तारित हुए । लम्बित एवं प्री-लिटिगेशन वादों के निस्तारण की अन्तिम संख्या अभी प्रतीक्षित है।





