जोधपुर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अशोक उद्यान में राजस्थान संगीत नाटक अकादमी द्वारा आयोजित 25 वें लोकानुरंजन मेले का उद्घाटन स्व. श्री जयनारायण व्यास की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा नगाड़े पर थाप लगाकर व कुंकुम के छापे अंकित कर किया।
राज्य सरकार लोक कलाओं और संस्कृति के संरक्षण के लिए निरन्तर प्रयत्नरत है। मशहूर कलाविदों, लोक कलाकारों, साहित्यिक विभूतियों का जिक्र करते हुए सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में उनकी अतुलनीय भूमिका की सराहना की। राज्य सरकार लोक कलाकारों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। इसी दिशा में कलाकारों के लिए 100 करोड़ की धनराशि का प्रावधान किया गया है एवं इन कलाकारों के लिए 100 दिन का कार्य उपलब्ध करवाकर मानदेय दिया जा रहा है।
शेर-ए-राजस्थान जयनारायण व्यास की जयंती पर उनका स्मरण करता हूं, बहुआयामी व्यक्तित्व से संपन्न विभूति स्व. श्री व्यास की याद में यह मेला आज व्यापकता ले चुका है। मशहूर कलाकारों और कला जगत के उत्थान के लिए समर्पित विभूतियों का स्मरण करते हुए कहा कि सरकार द्वारा इनके नाम से घोषित पुरस्कारों के लिए जोधपुर में फेस्टिवल आयोजित कर साहित्य पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कलाकार मारवाड़ और राजस्थान की थाती हैं इनके माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को लोक संस्कृति व परंपराओं के बारे में जानने-समझने तथा सीखने के अवसर मिलते हैं। लोक कलाकारों को सम्बल के साथ ही लोक संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण बहुत जरूरी है।
कार्यक्रम में अकादमी की त्रैमासिक पत्रिका ‘रंगयोग’ के 29वें अंक का विमोचन किया। ई-वाहन में बैठकर पूरे मेले का अवलोकन किया। लोकानुरंजन मेले में देश के विभिन्न राज्यों के कलाकारों के समागम और बहुविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर प्रसन्नता जाहिर की, इससे सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सम्पर्क और समन्वय बढ़ेगा।
राजस्थान मेला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री रमेश बोराणा ने लोकानुरंजन मेले और जोधपुर के समग्र विकास के लिए आभार जताया और कहा कि प्रदेश में लोेक कलाकारों को सम्बल प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ने पूरी संवेदनशीलता के साथ सहयोग किया है। राजस्थान के लोक कलाकारों के कल्याण के लिए 100 करोड़ का प्रावधान करने तथा 100 दिन के काम से मानदेय राशि मुहैया कराने की योजना की सराहना करते हुए आभार जताया।
समारोह में राज्य मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री रमेश बोराणा, राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस श्री गोपाल कृष्ण व्यास, राजस्थान बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्षा श्रीमती संगीता बेनीवाल, सूरसागर विधायक श्रीमती सूर्यकान्ता व्यास, विधायक श्रीमती मनीषा पंवार, बिलाड़ा विधायक श्री हीराराम, लूणी विधायक श्री महेंद्र विश्नोई, शेरगढ़ विधायक श्रीमती मीना कंवर, लोहावट विधायक श्री किशनाराम विश्नोई, महापौर श्रीमती कुन्ती देवड़ा एवं जिला कलक्टर श्री हिमांशु गुप्ता सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, कलाकार तथा हजारों की संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।





