शादाब हुसैन
बहराइच ।जिले की देहात कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन निवासी ग्राम पंचायत अधिकारी मनीष प्रताप सिंह का आज उनके घर में पंखे से लटका शव मिला। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।नगर क्षेत्राधिकारी पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी। मालूम हो कि ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर तैनात मनीष प्रताप सिंह का अपने सिविल लाइंस स्थित आवास पर पंखे से लटका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताते हैं कि मृतक मनीष पिछले कई महीनों से अवसाद ग्रस्त थे। इनका लखनऊ में इलाज भी चल रहा था। मनीष प्रताप सिंह के पिता सेवानिवृत्त जज केपी सिंह ने बताया कि कुछ विभागीय समस्याओं के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थे। जिससे अवसाद ग्रस्त रहने लगे थे ।इस पर इन्हें कार्यालय से संबंध करा दिया गया था और इनका उपचार लखनऊ स्थित एक चिकित्सक के यहां कराया जा रहा था। उन्होंने बताया कि रात तक वह बिल्कुल सामान्य थे और उनसे बातचीत करते रहे । उसके बाद सोने के लिए चले गए और सुबह उनका शव एक कमरे में पंखे से लटकता पाया गया ।उन्होंने नायलॉन की रस्सी से आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना थाना कोतवाली देहात की पुलिस को दे दी गई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मनीष के मौत की सूचना पाकर उनके पड़ोसी व विभागीय सहयोगियों के अतिरिक्त रिश्तेदारों का भी जमावड़ा उनके आवास पर लग गया । सीओ सिटी टी एन दुबे ने बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी मनीष प्रताप सिंह पुत्र यशपाल सिंह उम्र लगभग 53 वर्ष द्वारा फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली गई है।उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर तत्काल कोतवाली देहात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।