पटना, 10 जून। ये हैं रजिया सुल्ताना। इन्होंने इतिहास रच दिया है। रजिया बिहार पुलिस में डायरेक्ट पुलिस उपाधिक्षक (डीएसपी) बनने वाली पहली महिला हैं। चार साल के लंबे इंतजार के बाद हाल ही जारी बिहार लोक संघ आयोग (बीपीएससी) में रजिया ने यह उपलब्धि हासिल की है।
बिहार पुलिस में डीएसपी बनने वालीं पहली मुस्लिम लड़की रजिया सुल्ताना मूलरूप से गोपालगंज जिले के हथुआ के रतनचक की रहने वाली हैं। इनके पिता एमडी असलम अंसारी बोकारो स्टील प्लांट में स्टेनोग्राफर पद पर नौकरी करते थे। उनका साल 2016 में इंतकाल हो चुका है। फिलहाल पूरा परिवार बोकारो में ही रह रहा है।
रजिया के चाचा डॉ. एआर अंसारी मशरक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पूर्व चिकित्सा प्रभारी रह चुके हैं। मीडिया से बातचीत में अंसारी ने कहा कि भतीजी की कामयाबी पर गर्व है। रजिया सात भाई बहनों में सबसे छोटी है। इकलौता भाई एमबीए करके झांसी में निजी कंपनी में जॉब कर रहा है।
रजिया बताती हैं कि वे वर्तमान में बिजली विभाग में सहायक अभियंता पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ बीपीएससी की तैयारी की थी, मगर दिक्कत यह आई कि पटना में बीपीएससी की कोचिंग हिंदी में होती है, जिसमें वे सहज नहीं थी। ऐसे में घर पर खुद ही अंग्रेजी माध्यम से तैयारी की। पहले प्रयास में सफल हो गईं।
कोचिंग जगत से जुड़े डॉ. एम रहमान बताते हैं कि 64वीं बीपीएससी के 1454 में से 98 मुस्लिम उम्मीदवार सफल रहे हैं। 40 अभ्यर्थी डीएसपी बने हैं। इनमें चार मुस्लिम हैं। डायरेक्टर बिहार पुलिस में डीएसपी बनने वालीं रजिया सुल्तान बिहार की पहली मुस्लिम महिला बन गई हैं।