लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय, डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में खजांची का नौवां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। उन्होंने खजांची को लड्डू और केक खिलाकर उपहार भेंट किए।अखिलेश यादव ने कहा कि खजांची का जन्मदिन तो वास्तव में भाजपा को मनाना चाहिए, पर हम मनाते हैं। समाजवादी पार्टी अपने संसाधनों से खजांची की पढ़ाई का खर्च वहन कर रही है। भाजपा की सरकार रहते हम हर साल उसका जन्मदिन मनाते रहेंगे।मीडिया से बातचीत में उन्होंने नोटबंदी, जीएसटी और बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से व्यापार तबाह हुआ और लोगों की नकदी खत्म हो गई। कोविड प्रतिबंधों और जीएसटी ने अर्थव्यवस्था को और चौपट कर दिया है। आज गरीबों की हालत इतनी खराब है कि वे शादी-ब्याह में छोटी चीज भी खरीदने की स्थिति में नहीं हैं।अखिलेश ने कहा कि अमेरिका भारतीय सामान पर पाबंदी लगा रहा है और भारत सरकार हर शर्त मान रही है। टेक्सटाइल समझौतों से किसानों और मजदूरों पर संकट बढ़ने वाला है। उन्होंने सवाल उठाया कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देने के बावजूद उनकी प्रति व्यक्ति आय में क्या सुधार हुआ है?कृषि की स्थिति पर उन्होंने कहा कि खाद और कीटनाशक की कमी है। किसानों की आय दोगुनी होने का दावा झूठा साबित हुआ है। भाजपा डर और झूठ के सहारे सरकार चला रही है और प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है। निर्वाचन आयोग की तैयारी पर भी उन्होंने सवाल उठाए।उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि “यूपी में सब चंगा है, जहां पकड़ा जाए गांजा”, और आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गांजा और सिरप घोटाले में संलिप्त है। स्मार्ट सिटी परियोजना को लेकर भी उन्होंने कहा कि भाजपा ने शहरों को बर्बाद कर दिया है।अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि एसआईआर अभियान में पीडीए का एक भी वोट नहीं कटना चाहिए। जब 2027 में भाजपा उत्तर प्रदेश से बाहर होगी, तब संविधान के अनुसार सरकार काम करेगी।





