लखनऊ| 20, मई 2025
ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव शिया धर्मगुरु मौलाना यासूब अब्बास ने लखनऊ के सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को एक पत्र लिखकर पहलगाम में पाकिस्तान द्वारा कराए गए आतंकवादी हमले के बाद हिन्दुस्तान की ओर से पाकिस्तान में आतंकवाद के खात्में के लिए चलाए गए आपरेशन सिन्दूर और लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल फैक्ट्री शुरू करने पर मुबारकबाद पेश की।
मौलाना यासूब अब्बास ने खुशी का इज़हार करते हुए पत्र में लिखा कि “मैं आपको दिल से बधाई देना चाहता हूँ कि “ऑपरेशन सिंदूर” पूरी तरह सफल रहा। यह हमारे देश के लिए गर्व की बात है कि हमारी सेना ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया और देश की रक्षा में एक बड़ा कदम उठाया। इस सफलता का श्रेय आपके मजबूत नेतृत्व को जाता है।
साथ ही, मैं आपको धन्यवाद देना चाहता हूँ कि आपने लखनऊ जैसे ऐतिहासिक शहर में ब्रह्मोस मिसाइल बनाने की फैक्ट्री की स्थापना करवाई। इससे न केवल हमारे देश की रक्षा शक्ति बढ़ेगी, बल्कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। यह लखनऊ और पूरे प्रदेश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।
मौलाना ने कहा कि आपके प्रयासों से देश और प्रदेश दोनों को लाभ हो रहा है। हम उम्मीद करते हैं कि आप इसी तरह देश की सेवा करते रहेंगे और भारत को और भी सुरक्षित व सशक्त बनाएंगे।
एक बार फिर से आपको “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता और ब्रह्मोस फैक्ट्री के लिए हार्दिक बधाई।




