Home / उत्तर प्रदेश / उत्तर प्रदेश में डेंगू का प्रकोप अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश में डेंगू का प्रकोप अखिलेश यादव

Spread the love

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है। पूरा प्रदेश डेंगू, मलेरिया, टाइफाईड और अन्य संक्रामक बीमारियों की चपेट में है। प्रदेश में हर दिन सैकड़ों मरीज डेंगू के शिकार हो रहे हैं। राजधानी लखनऊ में ही पिछले एक पखवाड़े से हर दिन लगभग दो दर्जन मरीज मिल रहे हैं।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में डेंगू बुखार जानलेवा हो गया। लखनऊ में दो मरीजों की मौत हो गयी। लोगों में दहशत है। प्रदेश के अन्य कई जिलों में भी स्थिति भयावह है। विभिन्न जिलों में बुखार से बड़ी संख्या में मरीजों की जान जा रही है। मरीजों की प्लेटलेट्स कम होने की जानकारियां उनके ब्लड जांच में आ रही है।
श्री यादव ने कहा कि इस मौसम में इस तरह की तमाम बीमारियां मच्छरों के प्रकोप से फैल रही है। सब कुछ जानते हुए भी सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। लोगों के इलाज के लिए अस्पतालों में जरूरी इंतजाम नहीं है। डॉक्टर और बेड नहीं है। राजधानी लखनऊ तक में फागिंग की सुचारू व्यवस्था नहीं है। फागिंग मशीने कबाड़ में पड़ी है। फागिंग न होने से शहरों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी और विभागीय मंत्री को पार्टी के प्रचार से फुरसत ही नहीं है कि जनता के बारे में सोंचे। सरकारी अस्पतालों में इलाज में तमाम दुश्वारियां आ रही है। मरीजों को मुकम्मल इलाज न मिल पाने से मरीज निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने पर मजबूर हो रहे हैं। भाजपा सरकार में स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा सब व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अस्पताल बुखार के मरीजों से भरे पड़े है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नेता और मंत्री हवाई बयानों से सरकार चला रहे हैं। जनता के हित और कल्याण के लिए कोई काम नहीं हो रहा है। महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त जनता महंगे इलाज में लुट रही है। जनता को अब बस 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव का ही इंतजार है जब वह अपने वोट से भाजपा को सत्ता से बेदखल करेगी।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *