पेट्रोल के दाम में 20.82 रुपए की बहुत बड़ी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। कोरोना वायरस के इस दौर में लोग पेट्रोल की बढ़ी कीमतों से परेशान है। ऐसे में 25 मार्च 2020 से आज की तारीख में पेट्रोल के दाम में 20.82 रुपए की बढ़ोत्तरी हो चुकी है। 25 मार्च 2020 को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 69.59 रुपए थी। वहीं आज रविवार को दिल्ली में पेट्रोल के दाम 90.40 रुपए प्रति लीटर है। ऐसे में तब से अबतक दाम में 20.82 रुपए का फर्क आ चुका है।
पेट्रोल डीजल की कीमतों में गुरुवार को आई गिरावट के बाद लगातार तेल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। रविवार को राहत का सिलसिला एक बार फिर जारी रहा। आज भी देश में पेट्रोल डीजल की कीमतें स्थिर हैं। तेल शनिवार के रेट पर ही मिल रहा है। बता दें कि गुरुवार को तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल की कीमतों में 16 पैसे और डीजल की कीमतों में 14 पैसे की कटौती कर दी थी।
इससे पहले लगातार 15 दिनों तक पेट्रोल-डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ था। गुरुवार को दिल्ली के बाजार में पेट्रोल प्रति लीटर 16 पैसे सस्ता हो कर 90.56 रुपये से 90.40 रुपये पर आ गया। डीजल भी 14 पैसे प्रति लीटर सस्ता हुआ। अब यहां इसका दाम कल के 80.87 रुपये से घट कर 80.73 रुपये प्रति लीटर पर आ गया। पिछली बार 30 मार्च को तेल की कीमतों में कटौती हुई थी। पश्चिम बंगाल सहित 5 राज्यों में जारी चुनावों के बीच पेट्रोल डीजल की कीमतों में 27 फरवरी के बाद से कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है।