Home / सबसे ज्यादा माफिया और अपराधी भाजपा में: अखिलेश

सबसे ज्यादा माफिया और अपराधी भाजपा में: अखिलेश

Spread the love

लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में विकास, नौजवानों के रोजगार, खुशहाली, किसानों के भविष्य के लिए उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने की अपील की। श्री यादव ने कहा कि जब से समाजवादी पार्टी का रथ चल रहा है भाजपा में घबराहट है। समाजवादी पार्टी ने अपने गठबंधन में कई क्षेत्रीय दलों को शामिल किया है। सबको साथ लेकर प्रदेश में सरकार बनाएंगे। अब तो चाचा की भी पार्टी को भी साथ ले लिया है। मैनपुरी से एटा के लिए समाजवादी विजय रथ यात्रा के अवसर पर मैनपुरी के क्रिश्चियन कॉलेज मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि भाजपा के पास दिल्ली में आईटी, ईडी और सीबीआई प्रकोष्ठ है। जैसे-जैसे चुनाव करीब आएगा, भाजपा को हार सताएगी। दिल्ली से भाजपा के नेताओं के साथ-साथ यह प्रकोष्ठ भी यूपी में आएंगे। लेकिन याद रखिएगा समाजवादी लोग घबराने वाले नहीं हैं, मुकाबला करने वाले हैं। मुकाबला करेंगे। जो डर गया, वह मर गया। अखिलेश यादव ने कहा कि आज सबसे ज्यादा अपराधी और माफिया भाजपा में हैं। भाजपा अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण देती है। योगी पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन पर इतने ज्यादा गंभीर मुकदमे हैं। पहले मुख्यमंत्री हैं, जो अपने ही मुकदमे वापस ले लिए हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि लाल रंग क्रांति और भावनाओं का रंग है। भाजपा के लोग लाल रंग से घबराते हैं। यह खून का रंग है। हमने सुना है कि लाल रंग से सांड भी घबराते हैं। यह सरकार किसानों को खेतों को बर्बाद करने वाले सांडो को भी नहीं पकड़ पा रही है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश को योगी नहीं, योगी सरकार चाहिए। यह मुख्यमंत्री अनुपयोगी हैं। लखीमपुर खीरी में किसानों के हत्यारों के घरों पर पर बुलडोजर चलना चाहिए, सरकार का बुलडोजर वहां नहीं चलेगा। क्योंकि भाजपा सरकार अपराधियों की संरक्षक है। लखीमपुर खीरी में किसानों पर जीप चढ़ा कर हत्या कर दी गई। हत्या में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का बेटा शामिल है और साजिश में खुद मंत्री शामिल हैं। गृह राज्य मंत्री पर उंगली उठी है। लेकिन भाजपा उन्हें हटा नहीं रही है। उनका बचाव कर रही है। भाजपा सरकार के रहते किसानों को न्याय नहीं मिल सकता। भाजपा के अन्याय, अत्याचार और अपमान से बचाव के लिए सपा सरकार जरूरी है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को खाद नहीं दे पा रही है। डीजल, पेट्रोल, खाद, महंगा कर दिया। किसानों को धान का सरकारी मूल्य नहीं मिला। धान की लूट हो गई। बिजली महंगी हो गई। सपा सरकार बनने पर गरीबों और किसानों को बिजली में उम्मीद से ज्यादा राहत देंगे। माताओं_ बहनों के लिए समाजवादी पेंशन की राशि बढ़ाकर सम्मान देंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनती है तो सड़के बनती हैं। बिजली के कारखाने लगते हैं। किसानों को मुफ्त सिंचाई मिलती है। गरीबों को मुफ्त दवाई मिलती है। किसानों को फसलों का सही मूल्य मिलता है। समय पर खाद और बीज मिलता है। भाजपा ने आज खाद के लिए लाइन में लगा दिया है। इस बार चुनाव में लाइन लगे भाजपा की सरकार को हटा देना है। बीजेपी का सफाया होना तय है। चुनाव में परिवर्तन होकर रहेगा। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर टीईटी, बीएड, बीपीएड, शिक्षामित्र सबकी मदद करेंगे। अटेवा वालों की पेंशन भाजपा सरकार ने छीन ली है। उनकी भी मदद समाजवादी सरकार ही करेगी। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा जातीय जनगणना नहीं कराएगी। भाजपा ने लोगों को जातियों में लड़ाया है। ओमप्रकाश राजभर की पार्टी, डॉक्टर संजय चौहान की पार्टी और समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना कराना चाहती है। भरोसा दिलाना चाहते हैं कि सपा सरकार बनने पर जातीय जनगणना कराकर सभी जातियों को उनका हक और सम्मान दिलाएंगे। आज भाजपा से हर वर्ग के लोग नाराज परेशान और दुखी हैं। भाजपा ने डीजल, पेट्रोल, समेत कपड़े जूते, चप्पल सभी की कीमतें बढ़ा दी हैं महंगा कर दिया है। गरीबों के जेब पर डाका डालकर अमीरो को मुनाफा कराया जा रहा है। यादव ने कहा कि भाजपा सरकारी रैलियां कर रही है। भाजपा की रैलियों में सरकारी कर्मचारियों को जबरदस्ती लाया जाता है। सपा की रैलियों में जनता आती है। समाजवादी विकास रथ यात्रा देखकर भाजपा घबराई है। सपा के मुकाबले भाजपा छह रथ लेकर निकली है। लेकिन फिर भी मुकाबला नहीं कर पा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *