पूर्व केंद्रीय मंत्री और राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले नेता जितिन प्रसाद कांग्रेस छोड़कर अब बीजेपी में शामिल हो गए हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के बाद जहां कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है वहीं बीजेपी के लिए जितिन कितने फायदेमंद साबित होने वाले हैं, इस पर भी चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो जितिन के जरिए बीजेपी की कोशिश यूपी में ब्राह्मणों की नाराजगी दूर करने की होगी, साथ ही उन्हें यूपी बीजेपी में बड़ी भूमिका भी मिल सकती है।
वरिष्ठ पत्रकार बृजेश शुक्ल एनबीटी ऑनलाइन से बातचीत में कहते हैं, ‘जितिन के बीजेपी में जाने से कांग्रेस में गलत संदेश जाएगा। जब आपके कुछ न हो और जो है वो भी चला जाए तो यह बड़ा नुकसान है। यूपी में कांग्रेस के जो 7 विधायक थे वह भी कम हो गए हैं। कांग्रेस के लिए यूपी में बुरी स्थिति है। पिछले 30 साल में कांग्रेस नहीं पनप पाई और अब चुनौती बढ़ती जा रही है।’