दिसंबर ख़त्म होते होते पूरे प्रदेश को कड़ाके की ठंड ने चपेट में ले लिया है। राजधानी लखनऊ समेत लगभग सभी जिलों में न्यूनतम पारा दस डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। लखनऊ में रविवार को दिन और रात के पारे के हिसाब से इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान चार डिग्री की गिरावट से दोपहर के वक्त भी लोगों की कंपकंपी छूट गई, जबकि रात का पारा आधे डिग्री की और गिरावट के साथ 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले तीन दिन ठंड और बढ़ेगी।
राजधानी लखनऊ में सुबह चार बजे सबसे ज्यादा ठंड रही। सूर्योदय के बाद मामूली राहत जरूर मिली, लेकिन ठंडी पछुआ हवाओं ने ठिठुरन बनाए रखी। इसके चलते दिन पारा शनिवार से चार डिग्री लुढ़ककर 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में सबसे कम रहा है। प्रदेश में राजधानी ही नहीं, पश्चिम से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी जिले ठंड की चपेट में हैं। मौसम विभाग जिन 32 केंद्रों पर तापमान दर्ज करता है, वहां सभी जगह न्यूनतम पारा नौ डिग्री के आसपास है। आधा दर्जन जिलों में पारा पांच डिग्री से भी नीचे पहुंच चुका है। शीतलहर जारी है।