Home / उत्तर प्रदेश / भाजपा सरकार में किसान और नौजवान बहुत दुःखी है। Akhilesh Yadav

भाजपा सरकार में किसान और नौजवान बहुत दुःखी है। Akhilesh Yadav

Spread the love

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में किसान और नौजवान बहुत दुःखी है। अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों को भाजपा सरकार अपमानित कर रही है। पुलिस और पीएसी लगाकर आंदोलन को कुचल रही है। किसानों को लाठी डंडो और आसूं गैस का सामना करना पड़ रहा है। किसान देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है। देश की सेवा करता है, लेकिन सरकार तरह-तरह से उनपर बल प्रयोग प्रताड़ित कर रही है। इसी तरह से पुलिस भर्ती और आरओ व एआरओ पेपर लीक के खिलाफ नौजवान सड़कों पर आंदोलित है।
शुक्रवार को फिरोजाबाद में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि गांव-गांव में नौजवान भर्ती पुलिस में पेपर लीक के खिलाफ आक्रोशित है, पेपर लीक और भर्ती में भ्रष्टाचार को लेकर शिकायत कर रहे हैं। पूरे प्रदेश में पश्चिमी यूपी, बुन्देल खण्ड से लेकर हर जिले में छात्र सड़कों पर है। इलाहाबाद में लोक सेवा आयोग के सामने भी छात्रों ने प्रदर्शन कर पेपर लीक का मामला उठाया है। भर्तियों में बड़े पैमाने पर धांधली क्यों हो रही है? आखिर इस सरकार में हर पेपर लीक क्यों होता है? क्या सरकार खुद पेपर लीक करा रही है? श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। गरीब परेशान है।
समाजवादी पार्टी ने आम जनता, किसानों, नौजवानों की परेशानी खत्म करने, भाजपा के भ्रष्टाचार और अन्याय से निजात दिलाने के लिए गठबंधन किया है। समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन को मजबूत कर रही है। उत्तर प्रदेश में गठबंधन हो जाने के बाद जगह-जगह से समर्थन में सूचनाएं आ रही हैं। लोगों में उत्साह है। लोग बधाई दे रहे हैं। इंडिया गठबंधन पूरे देश में मजबूत हो रहा है। इंडिया गठबंधन पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगा और जीतेगा। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश और देश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेगी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने नौजवानों को धोखा दिया है। नौजवानों का भविष्य अंधकार में है। जो सरकार किसानों पर अत्याचार करें, नौजवानों का भविष्य बर्बाद करें वह सरकार राष्ट्रवादी कैसे हो सकती है? भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। वोटो की लूट कर रही है। अभी हाल ही में पूरे देश ने देखा कि चण्डीगढ़ मेयर चुनाव में बैलेट से चुनाव के कारण वोट की लूट पकड़ी गयी। जनता जागरूक हो जाए। भाजपा वोट लूटने का काम करती है। अब ऐसे लोगों को सबक सिखाने का समय आ गया है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार निवेश के नाम पर झूठे दावे कर रही है। अमूल प्लांट के लिए निवेश समाजवादी सरकार में हुआ था। अमूल प्लांट लखनऊ, भोगनीपुर-कानपुर और वाराणसी के लिए एमओयू हुआ था। लखनऊ और कानपुर में स्थापित हुआ था। वाराणसी में स्थापित हो रहा था। इसी तरह से समाजवादी सरकार ने पराग को भी 2000 करोड़ का बजट दिया था, जिससे वह मजबूत होकर किसानों के लिए काम कर सके और किसानों की मदद करें। समाजवादी सरकार में फिरोजाबाद में पराग को 100 करोड़ का बजट दिया गया था लेकिन जो मशीनें आयी थी सब धूल खा रही है। भाजपा सरकार ने सब बर्बाद कर दिया। समाजवादी सरकार में यूपी का पहले काऊ मिल्क प्लांट उमर्दा कन्नौज में लगा था। भाजपा सरकार में प्लांट बंद हो गया।
श्री यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बड़ी लड़ाई है। यह लोकतंत्र, बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के संविधान और आपसी भाईचारा को बचाने का चुनाव है। इसमें सहयोग के लिए सभी लोगों का स्वागत हैं।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *