पंजाब के संगरूर जिले में स्थित मुस्लिम बहुल कस्बे मलेरकोटला को मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने राज्य का नया जिला बनाने की घोषणा की है। इस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंजाब के सीएम और कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला है। सीएम योगी ने कहा कि मत और मजहब के आधार पर किसी प्रकार का विभेद भारत के संविधान की मूल भावना के विपरीत है। इस समय मलेरकोटला (पंजाब) का गठन किया जाना कांग्रेस की विभाजनकारी नीति का परिचायक है।
दरअसल शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने घोषणा की कि मलेरकोटला राज्य का नया जिला होगा। संगरूर जिले में स्थित मलेरकोटला मुस्लिम बहुल कस्बा है। मलेरकोटला के साथ लगे अमरगढ़ और अहमदगढ़ भी पंजाब के इस 23वें जिले का हिस्सा होंगे। संगरूर जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर स्थित मलेरकोटला को जिले का दर्जा कांग्रेस का चुनावी वादा था।