2017 में यूपी के गोरखपुर में इंसेफलाइटिस बीमारी की वजह से 60 से ज्यादा बच्चों की मौत के बाद बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज से निलंबित डॉक्टर कफील ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर देशहित में अपना निलंबन वापस लेने की मांग की है। कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने भी उनके पत्र को ट्वीटर पर शेयर कर इस पर जनहित में फैसला लेने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में डॉ. कफील ने कहा है,”वे कोरोना पीड़ित लोगों की मदद करना चाहते हैं। कहा कि उनके पास गहन चिकित्सा का 15 वर्षों का अनुभव है। यह अनुभव शायद इस वक्त लोगों की जिंदगी बचाने में काम आ सके, इसलिए मेरा निलंबन वापस लेकर मुझे फिर बहाल करें। महामारी खत्म होने के बाद मुझे फिर निलंबित कर दीजिएगा।” उन्होंने लिखा कि हाल ही में पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. राजीव मिश्रा और डॉ. सतीश कुमार का निलंबन वापस लेकर उन्हें बहाल कर दिया गया है, लेकिन मुझे नहीं किया जा रहा है। उनके मुताबिक इसको लेकर उन्होंने वरिष्ठ अफसरों को 36 से ज्यादा पत्र लिख चुके हैं।