Home / चर्चित चेहरे / टीवी सीरियल के महान कलाकार सुधीर दलवी का आज जन्मदिन है

टीवी सीरियल के महान कलाकार सुधीर दलवी का आज जन्मदिन है

Spread the love

सुधीर दल्वी जी का जन्म 20 मार्च 1940 को हुआ था ।रामायण में गुरु वशिष्ट की भूमिका हो, या साईं बाबा की भूमिका हो। इनके द्वारा निभाई गई हर चरित्र भूमिका में इन्होंने दर्शकों के मन पर अपनी छाप छोड़ी है। ये एक ऐसे कलाकार है जिन्हें थोड़ा अनदेखा भी किया गया ।किंतु सच में एक महान कलाकार है। नई पीढ़ी के कलाकर इनसे एक्टिंग के गुण सीख सकते हैं।
रामायण के रचयिता रामानंद सागर को भगवान श्रीराम के गुरु ऋषि वशिष्ठ के रूप में ऐसे अभिनेता की तलाश थी, जिनके मुखमंडल पर एक निश्चछल और करुणामयी भाव मौजूद रहे। इस चरित्र के लिए उनकी खोज सुधीर दलवी पर आकर खत्म हुई।
रामायण में ऋषि वशिष्ठ का चरित्र उन्होंने ठीक उसी तरह से जीवंत कर दिया जैसे अन्य महत्वपूर्ण कलाकारों ने अपने चरित्रों को जीवंत किया। सुधीर वही अभिनेता थे, जिन्होंने वर्ष 1977 में आई फिल्म ‘शिर्डी के साँई बाबा’ में साँई बाबा का किरदार निभाया था।

सुधीर दलवी की अभिनय यात्रा ‘शिर्डी के साँई बाबा’ या रामायण तक ही सिमट कर नहीं रही। 81 वर्षीय इस अभिनेता ने इन दोनों महत्वपूर्ण किरदारों से पहले और बाद में भी कई जाने-माने टीवी सीरियल्स व फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया है।

1974 में ‘27 डाउन’ नामक फिल्म से अपनी अभिनय यात्रा शुरु करने वाले सुधीर ने 90 के दशक तक लगभग 23 बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय किया। इस दौरान कभी वे साँई बाबा बने नजर आए, कभी जज, कभी ड्राइवर, पुजारी, तांत्रिक, ट्रक ड्राइवर, तो कभी पुलिस कमिश्नर। बहुचर्चित फिल्म ‘तिरंगा’ जिसमें राजकुमार और नाना पाटेकर मुख्य किरदार थे, में सुधीर दलवी ने न्यूक्लियर साइंटिस्ट नसरुल हसन के छोटे से रोल को भी जीवंत कर दिया था। जितेंद्र अभिनीत फिल्म ‘अपनापन’ का लोकप्रिय गीत ‘आदमी मुसाफिर है आता है जाता है..’ जिसे मोहम्मद रफी ने आवाज दी है, सुधीर दलवी पर ही फिल्माया गया है।

सुधीर ने मनोज कुमार, अमिताभ बच्चन, राजेश कुमार से लेकर उस दौर के सभी बड़े अभिनेताओं के साथ स्क्रीन साझा की। सुधीर दलवी ने जिन फिल्मों में अभिनय किया उनमें, ‘कर्मयोगी’, ‘आप के दीवाने’,’गहराई’, ‘अर्पण’, ‘हवालात’, और ‘तूफान’ प्रमुख हैं।

फिल्मों के अलावा सुधीर दलवी ने रामायण सहित लगभग 6 टीवी सीरियल्स में अभिनय किया है, जो छोटे पर्दे पर काफी लोकप्रिय रहे हैं। जहाँ दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले सीरियल ‘चाणक्य’ में उन्होंने अंभिराज का चरित्र निभाया, वहीं ‘विष्णु पुराण’ में ब्रह्मा और टीवी के सबसे लोकप्रिय सीरियल्स में से एक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में गोवर्धन विरानी जिन्हें बापूजी के नाम से भी पुकारा जाता था, के चरित्र निभाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *