Home / राष्ट्रीय / केप टू रियो रेस 2023′ में भाग लेने भारतीय नौसेनिक पोत आईएनएसवी तारिणी केप टाउन रवाना

केप टू रियो रेस 2023′ में भाग लेने भारतीय नौसेनिक पोत आईएनएसवी तारिणी केप टाउन रवाना

 

नई दिल्ली । भारतीय नौसेनिक पोत आईएनएसवी तारिणी ‘केप टू रियो रेस 2023’ में भाग लेने के लिए केप टाउन रवाना हुआ) । केप टू रियो रेस का यह 50वां समुद्री नौकायन दौड़ संस्करण केप टाउन से 2 जनवरी 2023 को शुरू किया जाएगा। इसका समापन रियो डी जनेरियो, ब्राजील में होगा। यह दौड़ सबसे प्रतिष्ठित ट्रांस-अटलांटिक महासागर दौड़ में से एक है।
अभियान को दो महिला अधिकारियों सहित पांच अधिकारियों के एक भारतीय नौसेना दल द्वारा संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के दौरान गोवा से रियो डी जेनेरियो के लिए केप टाउन और वापस जाने के दौरान, आईएनएसवी तारिणी लगभग 17000 नॉटिकल मील (लगभग 30000 किमी) की दूरी तय करेगा । इस ट्रांस-समुद्री यात्रा में 5-6 महीने की अवधि में चालक दल को भारतीय, अटलांटिक और दक्षिणी महासागरों के चरम मौसम और खराब समुद्री परिस्थितियों का सामना करना है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस अभियान का मकसद जहाज पर चालक दल को नेविगेशन, संचार, तकनीकी, योजना आदि सहित आवश्यक सीमैनशिप कौशल में प्रशिक्षित करना है। यह अभियान दुनिया के एकल परिक्रमा नौकायन अभियान के लिए जहाज पर सवार दो महिला अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिहाज से एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
समुद्र में नौकायन एक अत्यंत मुश्किल साहसिक खेल है। ये महासागर नौकायन अभियान भारतीय नौसेना की दुनिया भर में अपनी सौम्य उपस्थिति को प्रदर्शित करने की क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ रोमांच की भावना, जोखिम लेने की क्षमता को विकसित करने में मदद करते हैं। तदनुसार, भारतीय नौसेना नियमित रूप से सागर परिक्रमा, आईओएनएस 10वीं वर्षगांठ और बंगाल की खाड़ी के नौकायन अभियानों जैसे नौकायन अभियानों में भाग लेती रही है।
आईएनएसवी तरिणी को 2017 में ‘नाविका सागर परिक्रमा’ नामक ऐतिहासिक अभियान में सभी महिला अधिकारी दल के साथ दुनिया भर में परिक्रमा करने के लिए जाना जाता है। वर्तमान अभियान में, जहाज की कप्तानी कैप्टन अतुल सिन्हा द्वारा की जा रही है, जिसमें लेफ्टिनेंट कमांडर आशुतोष शर्मा, लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के, लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए और सब लेफ्टिनेंट अविरल केशव चालक दल के सदस्यों के रूप में हैं।
इस जारी अभियान के दौरान, भारत में वापसी के लिए रियो डी जेनेरियो में एक क्रू टर्नअराउंड की योजना बनाई गई है। चालक दल में बदलाव के बाद कमांडर निखिल पी. हेगड़े कप्तान के रूप में कार्यभार संभालेंगे, जबकि कमांडर एमए जुल्फिकार, कमांडर दिव्या पुरोहित और कमांडर अभिषेक डोके चालक दल के रूप में होंगे। लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए अभियान के दोनों चरणों के लिए चालक दल का हिस्सा होंगी क्योंकि उन्हें महिला अधिकारी द्वारा दुनिया की एकल परिक्रमा के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के तहत इन महिला अधिकारियों ने हाल ही में मॉरीशस के अभियान में भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *