श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ में लश्करे तैयबा के तीन आतंकवादी मारे गए हैं। आतंकियों में से दो की पहचान शोपियां के लतीफ लोन और अनंतनाग के उमर नजीर के रूप में हुई है। लतीफ लोन एक कश्मीरी पंडित पूरण कृष्णा भट की हत्या और उमर नजीर नेपाल के तिल बहादुर थापा की हत्या में शामिल था।
कश्मीर ज़ोन पुलिस ने ट्वीट कर जानकारी साझा की है कि मारे गए आतंकियों के पास हथियार बरामद हुए हैं। ट्वीट में जानकारी सामने आई है कि आतंकियों के पास से एक AK 47 राइफल और 2 पिस्तौल बरामद की गई हैं। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। मुठभेड़ मुंझ मार्ग इलाके में हुई है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने पहले ही ट्वीट कर मुठभेड़ होने की जानकारी साझा की थी।
कश्मीरी पंडित पूरण कृष्ण भट की पत्नी का कहना है कि आज शोपियां मुठभेड़ में उनके पति की हत्या में शामिल आतंकवादी को सुरक्षा बलों द्वारा मार गिराए जाने के बाद उन्हें न्याय मिला है। उन्होने कहा कि ऐसा होना ही था क्योंकि उसने एक निर्दोष व्यक्ति को मार डाला। सुरक्षा बलों ने अच्छा काम किया है।





