तेहरान, ईरान | 19 मई 2026
ईरान की राजधानी तेहरान में इमाम अली और बीबी फ़ातिमा ज़हरा की शादी की सालगिरह के अवसर पर 1000 जोड़ों का सामूहिक निकाह संपन्न कराया गया। यह आयोजन “जन-फ़दा कपल्स कैंपेन” के तहत आयोजित किया गया, जिसे ईरान में “मैरेज डे” के रूप में मनाया जाता है।
आयोजकों के अनुसार, निकाह समारोह तेहरान के विभिन्न प्रमुख चौकों में एक साथ आयोजित हुए। इमाम हुसैन स्क्वायर में 110 जोड़ों का निकाह सार्वजनिक रूप से पढ़ाया गया, जबकि अन्य जोड़ों के लिए अलग-अलग स्थानों पर विशेष इंतज़ाम किए गए।
समारोह की सबसे खास बात यह रही कि दूल्हा-दुल्हनों की बारात फूलों से सजे सैन्य वाहनों और जीपों में निकाली गई। पूरे शहर में निकाह जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। इस दौरान ईरानी झंडे, धार्मिक प्रतीक और इमाम अली–बीबी फ़ातिमा की याद में विशेष सजावट की गई
ईरानी अधिकारियों ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में सरल और इस्लामी जीवन शैली को बढ़ावा देना तथा विवाह को आसान बनाना है। कार्यक्रम को सामाजिक एकता और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक बताया गया।
यह आयोजन इस्लामी महीने ज़िलहिज्जा की पहली तारीख पर हुआ, जिसे शिया मुस्लिम समुदाय इमाम अली और बीबी फ़ातिमा के निकाह की याद में विशेष महत्व देता है।





