Home / जनरल रावत व सैनिकों को संसद में श्रद्धांजलि,रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिया बयान

जनरल रावत व सैनिकों को संसद में श्रद्धांजलि,रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिया बयान

Spread the love

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत के हलिकॉप्टर क्रैश की देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में जानकारी दी। 4 मिनट के बयान में उन्होंने पूरी घटना का मिनट टु मिनट ब्योरा दिया। रक्षा मंत्री ने इस दौरान जनरल रावत व उनकी पत्नी मधुलिका और बाकी 11 सैन्य अफसरों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने संसद को बताया…

‘जनरल रावत वेलिंग्टन के डिफेंस सर्विस स्टाफ कॉलेज में पहले से शेड्यूल्ड टूर पर थे। कल 11 बजकर 48 मिनट पर उनके हेलिकॉप्टर ने टेक ऑफ किया। उन्हें 12 बजकर 15 मिनट पर लैंड करना था, लेकिन 12 बजकर 08 मिनट पर उनके हेलिकॉप्टर ने ATC (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) से कॉन्टेक्ट खो दिया।

स्थानीय लोग हादसे वाली जगह पर पहुंचे, उन्होंने मिलिट्री हेलिकॉप्टर को जलते हुए देखा। टीमें भी पहुंचीं, उन्होंने क्रैश साइट से सैन्य अधिकारियों को रिकवर करने की कोशिश की। रेस्क्यू के बाद घायलों को वेलिंग्टन के मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया गया। यहां CDS रावत और उनकी पत्नी सहित तेरह लोगों की मौत की पुष्टि हो गई।

मृतकों में ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, विंग कमांडर पीएस चौहान, स्क्वॉड्रन लीडर के सिंह, नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेंद्र कुमार, लांस नायक विवेक कुमार, लांस नायक बी. साई तेजा, जूनियर वारंट ऑफिसर दास, जूनियर वारंट ऑफिसर ए प्रदीप और हवलदार सतपाल शामिल हैं।

हादसे में ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। वे वेलिंग्टन के अस्पताल में लाइफ सपोर्ट पर हैं। उनकी जान बचाने की कोशिश जारी है। CDS रावत और उनकी पत्नी का शव आज शाम दिल्ली लाया जाएगा। सेना के सभी अधिकारियों का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी को कल ही भेज दिया गया था। एयर मार्शल रामेंद्र सिंह के नेतृत्व में जांच के आदेश दे दिए हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *