रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से मुलाकात से ठीक पहले रूस ने प्रशांत महासागर में जोरदार नौसैनिक युद्धाभ्यास शुरू किया है। बताया जा रहा है कि सोवियत संघ के समय हुए ‘शीतयुद्ध’ के बाद रूस का यह सबसे बड़ा जंगी अभ्यास है। रूसी नौसैनिक जहाजों को प्रशांत महासागर में अभ्यास के दौरान शत्रु की पनडुब्बी का शिकार करते हुए देखा गया है। इस अभ्यास में 20 जंगी जहाज, सबमरीन, फाइटर जेट और मदद के लिए कई अन्य जहाज तैनात हैं।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन 16 जून को बाइडन के साथ स्विटजरलैंड में मुलाकात करने वाले हैं। यह शिखर बैठक ऐसे समय पर हो रही है जब रूस के यूक्रेन की सीमा के पास सेना भेजने, अमेरिकी चुनाव में हस्तक्षेप, जासूसी और कई अन्य मुद्दों को लेकर दोनों ही देशों के बीच में तनाव चल रहा है। इस तनाव के बाद भी पुतिन बाइड के साथ बैठक से ठीक पहले अपने सैन्य शक्ति के प्रदर्शन से हिचके नहीं।