मौसम विभाग के अनुमान जताया है कि अगले 48 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। पिछले साल के मुकाबले इस साल मानसून एक सप्ताह पहले सक्रिय हो जाएगा। मौसम विभाग के निदेशक जे पी गुप्ता ने बताया कि आज जो बारिश का सिलसिला शुरू हुआ है यह प्री मानसून बारिश है और अगले 48 घंटे के भीतर पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून पहुंच जाएगा। उन्होंने बताया कि आमतौर पर मानसून प्रदेश में 19 जून के आसपास पहुंचता है।
जे पी गुप्ता ने बताया कि गुरुवार सुबह लखनऊ के अलावा पूर्वांचल, रुहेलखंड और तराई के कई जिलों में बारिश हुई। लखनऊ में हुई भारी बारिश के कारण विधानसभा के आसपास नीचले इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। इसके अलावा लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, गोण्डा, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या और सुल्तानपुर आदि जिले में बारिश हुई।