Warning: Undefined array key "ECEQgI" in /home/podcloud/therevolutionnews.com/wp-includes/class-wp-taxonomy.php on line 1

Warning: Undefined array key "UdYSYj" in /home/podcloud/therevolutionnews.com/wp-includes/rest-api/endpoints/class-wp-rest-font-families-controller.php on line 1
हॉकी पुरुष वर्ल्ड कप-2023 की ट्रॉफी का अनावरण – The Revolution News
Home / राष्ट्रीय / हॉकी पुरुष वर्ल्ड कप-2023 की ट्रॉफी का अनावरण

हॉकी पुरुष वर्ल्ड कप-2023 की ट्रॉफी का अनावरण

Spread the love

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर हॉकी पुरुष वर्ल्ड कप-2023 की ट्रॉफी का अनावरण किया। उन्होंने ‘हॉकी विश्वकप’ में शानदार प्रदर्शन के साथ जीत के लिए भारतीय हॉकी टीम को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री जी ने टोक्यो ओलंपिक 2020 की पदक विजेता भारतीय हॉकी पुरुष टीम के सदस्य श्री ललित उपाध्याय को उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक पद के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अन्तर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के पदक विजेताओं की शासकीय सेवा का अवसर प्रदान किया जा रहा है। श्री ललित उपाध्याय के खेल योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री जी ने हॉकी विश्व कप ट्रॉफी के प्रदेश आगमन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी 13 से 29 जनवरी, 2023 तक भगवान जगन्नाथ की पावन भूमि ओड़िसा में हॉकी विश्वकप की मेजबानी के लिए आज पूरा देश उत्सुक है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में यह हॉकी महाकुंभ विश्व के लिए भारत की ‘अतिथि देवो भव’ की भावना से साक्षात्कार का सुअवसर है। 15वें हॉकी विश्वकप की मेजबानी पूरे देश के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। उन्होंने विश्वकप के सफल आयोजन के लिए हॉकी इंडिया को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में भारत में नवीन खेल संस्कृति का विकास हो रहा है। विभिन्न अन्तर्राष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ी नया इतिहास रच रहे हैं। उन्होंने हॉकी इंडिया द्वारा वर्ल्ड कप हॉकी टूर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय प्रशंसकों का हमेशा हॉकी के प्रति विशेष लगाव रहा है। यह हमारा राष्ट्रीय खेल है। वैश्विक मंच पर भारत का हॉकी में गौरवशाली अतीत रहा है। ओलंपिक में हमने आठ स्वर्ण पदक जीते हैं। इस विश्वकप में सभी खेलप्रेमी भारतवासी अपनी राष्ट्रीय टीम को समर्थन देने के लिए उत्सुक हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राष्ट्रीय खेल हॉकी के लिए उत्तर प्रदेश उर्वर भूमि रही है। उत्तर प्रदेश ने कई प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। खेल जगत में ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद प्रदेश के गौरव हैं। राज्य सरकार महान राष्ट्रभक्त खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के सम्मान में जनपद मेरठ में प्रदेश के प्रथम खेल विश्वविद्यालय की स्थापना कर रही है। इसी प्रकार हॉकी के गौरव के0डी0 सिंह बाबू प्रदेश के युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। प्रदेश के वर्तमान खेल निदेशक आर0पी0 सिंह भी हॉकी के राष्ट्रीय टीम के कप्तान रह चुके हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्टेडियम कभी कल्पना हुआ करता था। आज गांव, शहर में स्टेडियम, मिनी स्टेडियम बनवाये जा रहे हैं। हर गांव में खेल के मैदान एवं ओपन जिम का विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि खेल व खिलाड़ियों के प्रोत्साहन की कोशिशों के क्रम में ही ओलम्पिक और पैरालम्पिक खेलों के पदक विजेताओं के भव्य सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। सांसद खेल प्रतियोगिता व ‘विधायक खेलकूद प्रतियोगिता’ के माध्यम से गांवों-कस्बों तक में खेल संस्कृति का विकास किया जा रहा है।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, खेल निदेशक श्री आर0पी0 सिंह, सूचना निदेशक श्री शिशिर, अपर निदेशक सूचना श्री अंशुमानराम त्रिपाठी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *