Home / राष्ट्रीय / हरियाणा में अमन-चैन और आपसी मोहब्बत को खत्म करने के प्रयास हो रहे हैं: प्रियंका गांधी

हरियाणा में अमन-चैन और आपसी मोहब्बत को खत्म करने के प्रयास हो रहे हैं: प्रियंका गांधी

Spread the love

कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा.कुछ दिनों पहले सोनीपत हरियाणा से किसान बहनें हमारे घर आईं थीं। उन बहनों ने ढेर सारी प्यार भरी बातें कीं। अपनी समस्याएँ भी बताईं। महँगाई की वजह से हो रही मुश्किलों को बयाँ किया। एक बहन ने अग्निवीर (सेना में 4 साल की नौकरी) की वजह से युवाओं के बीच फैली निराशा के बारे में बातचीत की। कुछ लोगों ने खेती-किसानी की समस्याओं को बताया।

आज उसी हरियाणा में अमन-चैन और आपसी मोहब्बत को खत्म करने के प्रयास हो रहे हैं। जानते हैं क्यों?

क्योंकि जो आपके महँगाई, खेती-किसानी जैसे मूल मुद्दे हैं उन पर कोई बातचीत न हो।

क्योंकि आपके बेटे-बेटियों को रोजगार कैसे मिलेगा ये सवाल उठना बंद हो जाए।

क्योंकि आप आपस में लड़ते रहें और एकजुट होकर देश को आगे बढ़ाने के बारे में न सोच पाएँ।

देश में अमन-चैन का नुकसान करने वाली ताकतों का इससे बड़ा फायदा होता है। मीडिया चैनल्स व सोशल मीडिया पर बैठ कर नफरत फैलाने वालों का इससे बहुत फायदा होता है।

लेकिन इससे आपका नुकसान होता है। आपके मुद्दे नफरतगर्दी के इस शोरगुल में गुम हो जाते हैं। इससे देश का नुकसान होता है। देश के विकास के लिए जरूरी मुद्दे नफरतगर्दी के इस शोरगुल में गुम हो जाते हैं।

हमें एकजुट होकर नफरतगर्दी की इन कोशिशों के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प लेना होगा। हमें देश में अमन-चैन की आवाज मजबूत करने का संकल्प लेना होगा।

जय हिन्द। जय भारत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *