Home / राष्ट्रीय / सपा लोकतंत्र, समाजवाद तथा धर्मनिरपेक्षता के लिए प्रतिबद्ध है:अखिलेश यादव

सपा लोकतंत्र, समाजवाद तथा धर्मनिरपेक्षता के लिए प्रतिबद्ध है:अखिलेश यादव

Spread the love

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरे तौर पर भारतीय संविधान को मानती है। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र, समाजवाद तथा धर्मनिरपेक्षता के लिए प्रतिबद्ध है। देश की सम्प्रभुता, एकता और अखण्डता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए हमेशा से संकल्पित है। इसीलिए देश के घटनाचक्र पर गहरी नज़र रखने के साथ समाजवादी पार्टी राष्ट्रहित में मजबूती से राजनीतिक हस्तक्षेप करती रही है।
समाजवादी पार्टी का उद्देश्य समाजवादी समाज की स्थापना तथा हर स्तर पर न्याय और समानता को स्थापित करना है। देश की खुशहाली और विकास के लिए समाजवादी पार्टी की नीतियां राष्ट्रीय विकल्प हैं।
समाजवादी पार्टी का दृष्टिकोण राष्ट्रीय है। सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय हित के लिए समाजवादी विचारधारा सर्वोपरि है। समाजवादी पार्टी की अपने विचारों और कार्यक्रमों की प्रतिबद्धता है। समाजवादी पार्टी ने अपनी नीतियों और कार्यक्रमों के जरिए हमेशा राष्ट्रीय राजनीति को प्रभावित किया है।
समाजवादी पार्टी को जब-जब सेवा का मौका मिला है तब-तब उसने देश की जनता के लिए सर्वहितकारी और सर्वोत्तम कार्य किए हैं। समाजवादी सरकारों के दौरान समाजवादी पार्टी की नीतियों पर चलकर किए गए कार्यों को दूसरे प्रदेशों और देश की सरकारों ने अनुसरण किया है।
समाजवादी पार्टी की आर्थिक, सामाजिक और कृषि नीतियां सुस्पष्ट है। समाजवादी पार्टी हमेशा छोटे और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने की समर्थक रही है। आज के वर्तमान आर्थिक परिवेश को देखते हुए स्पष्ट है कि छोटे और मध्यम उद्योग ही देश में सबसे ज्यादा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराते हैं।
समाजवादी पार्टी हमेशा से किसानों को आगे बढ़ाने की समर्थक रही है। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय के जरिए सभी वर्गों के उत्थान और कल्याण तथा उनके सपनों को साकार करने के लिए संकल्पित है।
सन् 2023 की राजनैतिक संभावनाओं के चलते सन् 2024 में सांप्रदायिक और नफरती राजनीति के समापन की रेखा खिंच जाएगी। राष्ट्रीय राजनीति में समाजवादी विचारधारा का रास्ता प्रशस्त होगा।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *