Home / उत्तर प्रदेश / सपा प्रदेश कार्यालय में नवनिर्वाचित सांसद कार्यकर्ता व राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दी जीत की एक दूसरे को बधाई

सपा प्रदेश कार्यालय में नवनिर्वाचित सांसद कार्यकर्ता व राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दी जीत की एक दूसरे को बधाई

Spread the love

लोकसभा चुनावों के बाद आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव का चुनावों में ऐतिहासिक जीत पर जोरदार करतल ध्वनि तथा जिंदाबाद के नारों के साथ स्वागत, अभिनंदन किया गया।
अयोध्या से आए बालयोगी संत श्री रामदास जी ने श्री अखिलेश जी को रामनामी दुपट्टा पहनाया। इनके अलावा कर्नाटक समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री एन. मंजप्पा, केरल समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री साजी थॉमस पोथन और केरल जनता दल (सेक्यूलर) के राष्ट्रीय सचिव श्री आर.एस. प्रभात ने भी उनका अंगवस्त्र पहनाकर तथा पुष्पगुच्छ देकर अभिवादन किया। समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कृष्ण कन्हैया पाल एडवोकेट ने संविधान की उद्देश्य पट्टिका भेंट की।
लोकसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी के 37 सांसदों की जीत से उत्साहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं, विधायकों तथा नवनिर्वाचित संसद सदस्यों के अतिरिक्त बड़ी संख्या में आए अधिवक्ताओं, युवाओं और महिलाओं ने जोशखरोश के साथ अपने प्रिय नेता को ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी और चुनावों में उनकी भूमिका, सूझबूझ तथा राजनीतिक कौशल के लिए भूरि-भूरि प्रशंसा की और उम्मीद जताई कि अब भारतीय राजनीति में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। समाजवादी पार्टी का निरन्तर विस्तार एवं भविष्य उनके हाथों में सुरक्षित है।
श्री अखिलेश यादव ने इस अवसर पर लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी जनता जर्नादन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोकसभा चुनावों में जीत के लिए कार्यकर्ताओं के परिश्रम की प्रशंसा की और उन्हें बधाई दी।
श्री यादव ने कहा कि जनता की आशा के अनुरूप परिणाम आया यद्यपि भाजपा ने अधिकारियों की मिली भगत से हमारे कुछ प्रत्याशियों को हरा दिया। उन्होंने अयोध्या से समाजवादी पार्टी की जीत का विशेषकर उल्लेख किया।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में विचारधारा और संविधान की जीत हुई है। इस चुनाव में जनता ने संविधान और लोकतंत्र को बचाने का काम किया है। इस चुनाव में भाजपा की नफरती और नकारात्मक राजनीति को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया और सकारात्मक राजनीति को विजयश्री दिलाया है। जनता ने भाजपा की समाज को बांटने की कोशिशों को असफल कर दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव श्री शिवपाल सिंह यादव, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेन्द्र चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल सहित अन्य सैकड़ों प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *