महाराष्ट्र बीजेपी के एक विधायक की शिवसेना भवन गिराने की धमकी से नाराज शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने चेतावनी दी है कि बीजेपी का अंत निकट है। सामना में छपे संपादकीय में बीजेपी को चिंदी-चोर करार देते हुए उन्होंने कहा कि शिवसेना न्याय, आशा और आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करती है, जबकि बीजेपी एक देशद्रोही पार्टी थी जो अपने वादे पर खरी नहीं उतरी।सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के सहयोगी दल ने चेतावनी दी कि जिसने भी पार्टी मुख्यालय पर एक बुरी नजर डाली, ‘वर्ली नाले में तैरता हुआ मिलेगा।’
दरअसल एक बीजेपी एमएलसी प्रसाद लाड ने दक्षिण-मध्य दादर स्थित शिवसेना मुख्यालय के बाहर पुलिस की मौजूदगी पर यह टिप्पणी करके विवाद खड़ा कर दिया कि “यदि आवश्यक हो, तो सेना भवन को ध्वस्त किया जा सकता है।” हालांकि लाड ने बाद में माफी मांगी और शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे के लिए सम्मान व्यक्त किया। लेकिन जैसे ही विवाद बढ़ा, विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने यह कहते हुए खुद को जल्दी से अलग कर लिया कि बीजेपी विनाशकारी राजनीति की संस्कृति में विश्वास नहीं करती है।