बिहार में इस साल चुनाव होने हैं इसलिए पेट्रोल-डीजल के बढ़ती कीमत पर विपक्ष जहां एक ओर सड़क पर आंदोलन कर रहा हैं, वहीं एनडीए सरकार एक से एक तर्क देकर अपना बचाव कर रही हैं। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने जहां विरोध में गुरुवार को राजधानी पटना की सड़कों पर अपने पार्टी के अन्य विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ साइकिल मार्च किया। वहीं, उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने सरकार का बचाव यह कहकर किया कि लॉकडाउन के 82 दिन तो पेट्रोलियम कंपनियों ने दाम तो नहीं बढ़ाए।
सुशील मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के इस आंदोलन की आलोचना करते हुए कहा कि जो पार्टी राजनीति को विकास और सेवा के रास्ते से उतारकर इसे अकूत कमाई करने का जरिया बना चुकी है और जिसके युवराज महंगी बाइक और लग्जरी कारों का शौक रखते हों, जो अपने बंगले के बाथरूम में भी एसी लगवाते हों, वे पेट्रोल-डीजल के मूल्य निर्धारण का गणित समझे बिना साइकिल के साथ फोटो खिंचाने के अलावा और क्या कर सकते हैं? जिनकी गाड़ियों में एसी बंद नहीं होते, वे पेट्रोल-डीजल के दाम को लेकर राजनीति कर रहे हैं।