Home / उत्तर प्रदेश / मौलाना यासूब अब्बास की सेहतयाबी के लिए दुआओं का सिलसिला, मंत्री दानिश अंसारी ने की मुलाकात

मौलाना यासूब अब्बास की सेहतयाबी के लिए दुआओं का सिलसिला, मंत्री दानिश अंसारी ने की मुलाकात

Spread the love

लखनऊ के मंसूर नगर स्थित अतहर विला में शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रवक्ता मौलाना यासूब अब्बास की सेहतयाबी के लिए दुआओं और मुलाकातों का तांता लगा हुआ है। हाल ही में सफर के महीने में तबीयत खराब होने के कारण मौलाना को वेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मोहब्बत करने वालों की दुआओं और चिकित्सकों की मेहनत से उनका ऑपरेशन सफल रहा। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद डॉक्टरों ने मौलाना को पूर्ण विश्राम की सलाह दी है, जिसका वह पूरी तरह पालन कर रहे हैं।

शनिवार को उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ़ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने मौलाना के निवास स्थान पर पहुंचकर उनकी सेहत का जायजा लिया। मंत्री ने मौलाना की शीघ्र स्वस्थ्य होने की दुआ की और उनके साथ सौहार्दपूर्ण बातचीत की। इस मुलाकात के दौरान मौलाना का चिर-परिचित आत्मीय व्यवहार देखने को मिला, जो बीमारी के बावजूद हर छोटे-बड़े व्यक्ति से प्यार और सम्मान के साथ मिल रहे हैं।

मौलाना यासूब अब्बास की सादगी और मोहब्बत ने हर धर्म और समुदाय के लोगों के दिलों में जगह बनाई है। यही वजह है कि उनके निवास स्थान पर रोज़ाना उनके चाहने वाले उनकी सेहत का हाल जानने और दुआ करने पहुंच रहे हैं। समाज के हर वर्ग के लोग, चाहे वह आमजन हों या विशिष्ट, मौलाना के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

मौलाना का यह आत्मीय व्यवहार और लोगों का उनके प्रति अपार स्नेह इस बात का प्रतीक है कि वह न केवल एक धार्मिक नेता हैं, बल्कि एक ऐसी शख्सियत हैं जो अपने व्यवहार से सभी को जोड़ते हैं। इस मौके पर मौलाना ने भी सभी का शुक्रिया अदा किया और कहा कि लोगों की दुआएं और मोहब्बत उनकी ताकत हैं।

लखनऊ की इस खूबसूरत शाम में, अतहर विला में मौलाना के चाहने वालों की भीड़ और मंत्री दानिश अंसारी की मुलाकात ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मोहब्बत और दुआओं की कोई सीमा नहीं होती। सभी की यही कामना है कि मौलाना जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ हों और अपने सामाजिक व धार्मिक कार्यों में पहले की तरह सक्रियता से जुट जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *