केंद्र शासन पर अपने शब्द बाणों से हमला बोलने वाले राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला है। हालांकि, इस बार मुद्दा कोरोनावायरस या वैक्सीन से जुड़ा नहीं है। बल्कि इस बार मुद्दा पाकिस्तान का है। स्वामी ने ट्विटर पर भारत की इमरान खान सरकार से बातचीत की कोशिशों को लेकर तंज कसा है। इतना ही नहीं, उन्होंने यहां तक कह दिया कि पीओके के मुद्दे पर मोदी सरकार की याददाश्त चली गई है।
दरअसल, भाजपा नेता से एक ट्विटर यूजर ने पाकिस्तान और कुलभूषण जाधव केस को लेकर सवाल पूछा था। इस पर स्वामी ने तंज कसते हुए कहा, “चुप रहो! हम अरब शेखों के इशारे पर पुरानी बातों को भुलाकर पाकिस्तान के साथ समझौता कर रहे हैं। हमारे पास बड़ा हिंदू हृदय सम्राट है।”