Home / कासगंज हत्याकांड की हाई कोर्ट जज द्वारा जांच की मांग कांग्रेस

कासगंज हत्याकांड की हाई कोर्ट जज द्वारा जांच की मांग कांग्रेस

Spread the love

लखनऊ 10 नवम्बर 2021

कासगंज में पुलिस हिरासत में युवक की मौत और शाहजहाँपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने जा रहीं आशा बहुओं की पुलिस पिटाई की कांग्रेस ने कड़ी निंदा की है। पार्टी ने कासगंज की घटना की हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जाँच कराने की माँग करते हुए आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ के राज में पुलिस अपराधियों जैसा व्यवहार कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर यूपी में क़ानून व्यवस्था की पोल खोल दी है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विशाल राजपूत लोधी ने कासगंज कोतवाली की पुलिस हिरासत में युवक की मौत को हत्या बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ मामले की जाँच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराने की माँग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की यह थ्योरी हास्यास्पद है कि युवक ने हवालात के नल से लटककर फाँसी लगा ली। उन्होंने पूछा कि क्या युवक की लंबाई एक-दो फिट से भी कम थी जो वह नल से लटककर खुदकुशी कर सकता था। वैसे भी कस्टडी में लिये गये किसी भी व्यक्ति की जान की सुरक्षा के लिए सीधे पुलिस ज़िम्मेदार होती है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सीएम योगी आदित्यनाथ की शह पर पुलिस लगातार नियम कानून का उल्लंघन कर रही है। हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीमकोर्ट तक इस संदर्भ में योगी सरकार को फटकार लगा चुके हैं। कई पुलिस अफसर हत्या के आरोप में फरार हैं या जेल में हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट बताती है कि योगी राज में अपराध और हत्या के मामले में यूपी नंबर वन बन चुका है। श्री राजपूत ने कहा कि कासगंज मामले में पुलिसकर्मियों का निलंबन मौत पर लीपापोती के सिवा कुछ नहीं है। कासगंज घटना की पारदर्शी जांच के लिये हाइकोर्ट के सिटिंग जज की नियुक्ति होनी चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता श्री राजपूत ने शाहजहाँपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिये जा रही आशा बहुओं पर पुलिस कार्रवाई की भी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा लाठी डंडों के बल पर आशा बहुओं को रोकने, पुलिस कर्मियों द्वारा उनकी जूतों व चप्पलों से पिटाई करने, उनके सीने पर पैर रखने के दृश्य भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार की क्रूरता का साफ सबूत हैं। उन्होंने आशा बहुओं पर हमला करने वाले पुलिस कर्मियों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई और आशा बहुओं सभी बकाया मानदेय देने तथा अन्य समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की है।

श्री विशाल लोधी राजपूत ने कहा कि कोरोनाकाल में आशा बहुओं ने अपनी जान पर खेलकर जनता की सेवा की थी। योगी शासन ने उनके साथ जो क्रूरता और अपमानजनक घिनौनी हरकत की है वह पूरी नारी शक्ति के अभिमान को ललकारने वाला है। आने वाले चुनाव में प्रियंका गाँधी के नेतृत्व में यूपी की महिलाएँ इस अपमान का बदला बीजेपी सरकार को सत्ता से बेदखल करके लेंगी। राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी के नेतृत्व में पूरी कांग्रेस पार्टी आशा बहुओं के साथ खड़ी है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर आशा बहुओं को दस हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने की प्रियंका जी की प्रतिज्ञा के प्रति पार्टी प्रतिबद्ध है।

(विशाल लोधी राजपूत)
प्रवक्ता
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *