पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भारत का हवाला देकर विदेशों में स्थित पाकिस्तानी दूतावासों को जमकर लताड़ लगाई है। इमरान ने राजदूतों से कहा कि वे औपनिवेशिक दौर की मानसिकता को छोड़कर पाकिस्तानी मूल के लोगों के साथ पूरी संवेदना के साथ व्यवहार करें। भारतीय दूतावासों के मेहनत की तारीफ करते हुए इमरान खान ने कहा कि दुनियाभर में भारतीय दूतावास विदेशी निवेश लाने के लिए बहुत सक्रिय हैं।
दुनियाभर में फैले पाकिस्तानी दूतावासों को संबोधित करते हुए इमरान खान ने विदेशों में बसे पाकिस्तानियों के साथ दुर्व्यवहार और देश में विदेश निवेश लाने में असफल रहने पर जमकर खरी-खोटी सुनाई। इमरान ने कहा, ‘हम इस तरह से जारी नहीं रख सकते हैं। जिस तरह से दूतावास चल रहे हैं, यह औपनिवेशिक समय में चलता था लेकिन आज के पाकिस्तान में नहीं।’