एक बार फिर बदलते हुए मौसम को लेेकर कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। जैसा कि पिछले एक-दो दिन से देश के कई स्थानों पर मौसम में परिवर्तन हुआ है मौसम विभाग ने कई स्थानों पर तेज आंधी एवं गरज चमक के साथ बौछारें गिरने की संभावना भी व्यक्त की है। ऐसे में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए मौसम को लेकर किसानों के लिए समसामयिक सलाह जारी की है ताकि संभावित हानि से बचा जा सके। बता दें कि इस समय उत्तरी भारत के कई राज्यों में रबी फसल की कटाई चल रही है। ऐसे में प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों के लिए सलाह दी है।
किसान आने वाले दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने एवं हल्की वर्षा होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए गेहूं फसल की कटाई का कार्य 1-2 दिनों तक न करें, कटाई से पूर्व अपने जिले के मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी लेते रहें। किसान कटी हुई फसलों को बांधकर रखे अन्यथा तेज हवा या आंधी से फसल एक खेत से दूसरे खेत में जा सकती है। गहाई के उपरांत भंडारण से पूर्व दानों को अच्छी तरह से सुखा दें। किसान कटाई के बाद फसल अवशेषों को खेत में न जलाएं।