बीएसपी प्रदेश कार्यालय में अहम बैठक, मायावती ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक को लेकर सुबह करीब 8 बजे से ही पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का कार्यालय पहुंचना शुरू हो गया था। मुख्य बैठक पूर्वाह्न 11 बजे से निर्धारित थी।
बैठक में बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती मौजूद रहीं। उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बीएसपी सांसद सतीश चंद्र मिश्रा सहित प्रदेश इकाई के तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सुश्री मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया गया।
सुबह से ही प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भारी आवाजाही के चलते राजनीतिक सरगर्मी तेज रही। मायावती के संबोधन के बाद कार्यकर्ताओं में आगामी चुनाव को लेकर उत्साह देखने को मिला।
