बबीता फोगाट के घर गूंजी किलकारी, सावन शिवरात्रि पर बेटी को दिया जन्म
अंतरराष्ट्रीय पहलवान और ‘दंगल गर्ल’ के नाम से मशहूर बबीता फोगाट के घर सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर खुशियों ने दस्तक दी है। बबीता फोगाट ने मंगलवार को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया।
बेटी के जन्म की खुशी बबीता फोगाट ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अपने प्रशंसकों के साथ बांटी। उन्होंने लिखा, “महादेव की कृपा देखिए, आज शिवरात्रि के इस पवित्र दिन पर मेरे जीवन में एक नन्ही परी, पार्वती स्वरूप बेटी का आगमन हुआ है।”
बबीता ने बेटी के जन्म को भगवान शिव की विशेष कृपा बताते हुए अपनी खुशी जाहिर की। सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयां और नवजात बच्ची के लिए शुभकामनाएं दीं।
