उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी त्योहारों की तैयारी, Mission Shakti अभियान तथा कानून-व्यवस्था के संबंध में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस आयुक्तों/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि फील्ड में हर एक तैनाती मेरिट के आधार पर ही होनी चाहिए। यदि कहीं भी सिफारिश अथवा किसी के दबाव में किसी की फील्ड पोस्टिंग की गई है, तो ऐसा करना संबंधित अधिकारी के लिए अपने करियर से खिलवाड़ करने जैसा है। ऐसे हर प्रकरण को गंभीरता से लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राजस्व वादों में ‘तारीख पर तारीख’ की प्रवृत्ति कतई स्वीकार नहीं की जा सकती। ऐसा करने वाले लेखपाल, राजस्व निरीक्षक आदि राजस्व कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। साथ ही, आवश्यकतानुसार मंडलायुक्त और जिलाधिकारी की भी जवाबदेही तय होगी।
आगामी दिनों में शारदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा, विजयादशमी, दशहरा, दीपावली, छठ आदि पर्व-त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा के सभी पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
बीट सिपाही से लेकर हलका इंचार्ज और पुलिस कप्तान सहित हर अधिकारी सड़क पर उतरे। त्योहार के दिनों में कुछ अराजकतत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में पुलिस को अलर्ट रहना होगा। आम आदमी को उसकी सुनिश्चित सुरक्षा के लिए पूरा भरोसा दिलाना होगा।
आगामी 14 अक्टूबर, 2023 से Mission Shakti का चौथा चरण प्रारम्भ हो रहा है। अभियान के लिए हर विभाग की कार्ययोजना पूर्व से ही तय है, तद्नुसार हर विभाग अपना कार्य सुनिश्चित करे।
हाल के दिनों में वैश्विक स्तर पर चल रहे इजरायल-फिलिस्तीन विवाद के दृष्टिगत समस्त पुलिस अधिकारी सतर्क रहें। सभी पुलिस कप्तान अपने क्षेत्र में धर्मगुरुओं से तत्काल संवाद करें। इस प्रकरण में भारत सरकार के विचारों के विपरीत किसी तरह की गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी।
सोशल मीडिया हो अथवा धर्मस्थल, कहीं से भी किसी भी प्रकार का उन्मादी बयान/वक्तव्य जारी न हों। यदि किसी के द्वारा ऐसा करने का कुत्सित प्रयास हो, तो तत्परता के साथ उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।





