Home / उत्तर प्रदेश / भाजपाराज में वसूली और लूट के चलते जनता की जेब पर महंगाई का डाका पड़ रहा है: अखिलेश यादव

भाजपाराज में वसूली और लूट के चलते जनता की जेब पर महंगाई का डाका पड़ रहा है: अखिलेश यादव

Spread the love

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपाराज में वसूली और लूट के चलते जनता की जेब पर महंगाई का डाका पड़ रहा है। टमाटर हो या अदरक, परवल, शिमला मिर्च, हरी मिर्च हो या मशरूम सभी के दाम आसमान छूने लगे है। यही नहीं अरहर, चना की दाल और आटा चावल भी महंगा हो गया है। गरीब की थाली अब खाली है। सामान्य परिवार कैसे पाले? लोग क्या खाएं क्या बचाएं?
जनता महंगाई की चक्की में पिस रही है और भाजपा सरकार कभी काशी, कभी गोरखपुर या अयोध्या में बड़े-बड़े बयानो की सौगात बांटने के साथ नए-नए जश्न मनाने में मगन है। टमाटर 100 से 150 रूपये, परवल 100 से 120, लहसुन 200 रू0 में बिक रहा है। कोई सब्जी बाजार में 40 रूपये किलो से कम नहीं मिल रही है। जून महीने में अरहर, चना की दाल के दाम 12 फीसदी बढ़े हैं तो गेहूं का आटा की कीमत 9 फीसदी दर से बढ़ गई। चावल के दाम 12 प्रतिशत बढ़ गए हैं।
दरअसल भाजपा सरकार महंगाई पर काबू पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। डबल इंजन सरकार ने जनसामान्य को महंगाई की आग में जलाने और पूंजीघरानों की झोली भरने का काम किया है। ये बड़े पूंजीघराने ही चुनाव में भाजपा के मददगार रहते हैं। अपने लाभ के लिए भाजपा बढ़े बैंक घाटे, कर्ज लेकर भाग रहे उद्योगपतियों के मामले में जरा भी चिंतित नहीं है। जनता भुगत रही है, भाजपा सरकार मस्त है।
समाजवादी पार्टी मानती है कि महंगाई से मुक्ति पाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी हो गया है। दाम बांधो नीति का जो नारा डॉ0 राममनोहर लोहिया जी ने दिया था उसे समाजवादी ही पूरा कर सकते हैं। समाजवादी व्यवस्था परिवर्तन के हामी हैं जिसमें गरीबों, वंचितों को विशेष अवसर दिया जाता है।
भाजपाराज में लगातार बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के चलते लोग कर्ज में डूबते जा रहे हैं। प्रत्येक गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार के जीवनशैली का स्तर गिरता जा रहा है। घरेलू बजट बिगड़ने से कुपोषण बढ़ रहा है। भुखमरी और बेरोजगारी से लोग आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहे हैं। समाज का हर वर्ग खुशहाली के लिए भाजपा सरकार को 2024 में हटाना चाहता है।
(राजेंद्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *