Home / राष्ट्रीय / बजट सर्वहितकारी एवं सर्वसमावेश: सुरेश खन्ना

बजट सर्वहितकारी एवं सर्वसमावेश: सुरेश खन्ना

Spread the love

उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बजट को सर्वहितकारी एवं सर्वसमावेशी बताया । उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान करने वाला बजट है। माननीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रस्तुत इस बजट ने हिंदुस्तान की जनता का दिल जीता है। बजट में किसानों, नौजवानों, महिलाओ, गरीब, नौकरीपेशा, व्यापारी सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।
श्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष जोर दिया गया है। इस बजट के माध्यम से मध्यम वर्ग एवं वेतन भोगी वर्ग को टैक्स में बड़ी राहत दी गई है इससे लोगों की क्रयशक्ति बढ़ेगी और मांग सृजित होगी जिससे उद्योगों को गति मिलेगी और रोजगार सृजन बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट मा0 प्रधानमंत्री जी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने वाला बजट है।
श्री खन्ना ने बताया कि उत्तर प्रदेश को केंद्रीय करों में राज्यांश के रूप में वित्तीय वर्ष 2022-23 में 146498.76 करोड रुपए मिलने का अनुमान था। वित्तीय वर्ष 2022-23 के पुनरीक्षित आंकड़ों के अनुसार अनुमानतः 169745.30 करोड़ रुपए मिलेगा जो मूल अनुमान से 23246.54 करोड़ रुपए अधिक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 में 183237.59 करोड़ रुपए केन्द्र सरकार से मिलने का अनुमान है जो वर्तमान वित्तीय वर्ष के अनुमान से 37000 करोड़ रूपए अधिक है। स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 के केंद्रीय बजट में राज्यों को पूंजीगत कार्य में सहायता के लिए 50 वर्षीय ब्याज रहित ऋण दिए जाने की घोषणा की गई थी तथा इसके लिए एक लाख करोड़ रूपए का प्राविधान केंद्रीय बजट में किया गया था। इसके अंतर्गत उत्तर प्रदेश को 14351 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे जिसके सापेक्ष अब तक 7654.57 करोड रुपए प्राप्त हो चुके हैं। आज प्रस्तुत हुए केंद्रीय बजट में वित्तीय वर्ष 2023-24 में स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट के लिए 1.30 लाख करोड़ रूपए की घोषणा की गई है, जिसका लाभ उत्तर प्रदेश को भी मिलेगा तथा उत्तर प्रदेश के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
श्री खन्ना ने कहा कि नये भारत का यह नया बजट है जो सभी वर्गों की अपेक्षाओं को पूरा करने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट में उत्तर प्रदेश का विशेष ध्यान रखा गया है, इससे यहां की 30 करोड़ जनता को अवस्थापना सुविधाएं मुहैया कराने में मदद मिलेगी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मा0 योगी आदित्यनाथ जी के प्रदेश के 01 ट्रिलीयन डाॅलर की इकोनाॅमी के संकल्प को पूरा करने में सहायक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *