Home / सरकार डीजल एवं पेट्रोल पर टैक्स कम करे, रसोईगैस की कीमत की सब्सिडी करे बहाल-बृजेन्द्र कुमार सिंह

सरकार डीजल एवं पेट्रोल पर टैक्स कम करे, रसोईगैस की कीमत की सब्सिडी करे बहाल-बृजेन्द्र कुमार सिंह

Spread the love

लखनऊ 17 फरवरी 2021।
उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी ने पेट्रोल एवं डीजल सहित रसाईगैस की कीमतों में ऐतिहासिक वृद्धि जनता पर असहनीय बोझ करार दिया है। एक तरफ कोरोना महामारी के चलते जहां जनता आर्थिक कठिनाई से कराह रही थी वहीं अब लगातार पेट्रोल, डीजल पर भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र एवं प्रदेश सरकार ने बहुत अधिक टैक्स लगाकर जनता की आर्थिक परेशानियों को और अधिक दुश्वार कर दिया है। आम जनता जहां बहुत मुश्किल से अपने जीवन-यापन को पटरी पर लाने का प्रयास कर रहा है। करोड़ों लोग अपने बच्चों की फीस नहीं जमा कर पा रहे हैं, जरूरी आवश्यकताओं की पूर्ति नहीं कर पा रहे हैं ऐसे में ़ पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस के दामों में कमरतोड़ बढ़ोत्तरी ने आम जनमानस को झकझोर कर रख दिया है।

प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता बृजेन्द्र कुमार सिंह ने आज जारी बयान में कहा कि आजाद भारत के इतिहास में इतनी ज्यादा मुनाफाखोरी और टैक्स वसूली कभी नहीं हुई। भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र और प्रदेश सरकार का आलम यह है कि पेट्रोलियम पदार्थ के बेसिक दामों के दुगुने से अधिक टैक्स वसूलकर वह स्वयं ‘बहुत हुई मंहगाई की मार-अबकी बार…..सरकार’ के नारे और वादे को धता बता रही है जिससे कांगे्रस पार्टी द्वारा लगाये जा रहे लगातार आरोप कि भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में जमीन और आसमान का अन्तर है यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है।

प्रवक्ता ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की इस प्रकार बेतहाशा मूल्य वृद्धि से मालभाड़ा, परिवहन, सिंचाई आदि सारी जरूरी आवश्यकताओं पर मंहगाई का बोझ बढ़ रहा है और जनता इस असहनीय भार को सहन करने में सक्षम नहीं है इसलिए सरकार मुनाफाखोरी से बाज आए और हमारे प्रदेश की जनता पर रहम करे।

प्रवक्ता ने मांग की है कि पेट्रोल एवं डीजल के दामों पर केन्द्र व राज्य सरकार (भाजपा की डबल इंजन की सरकार) द्वारा 15-15 रूपये टैक्स में तत्काल कमी करे और रसोई गैस पर 250 रूपये की सब्सिडी बहाल की जाए। जिससे कोरोना काल की दुश्वारियों से जूझ रही जनता अपने जीवन यापन की पटरी को आगे बढ़ा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *