समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विरोधी दल श्री अखिलेश यादव ने आज रायबरेली के मान्यवर कांशीराम महाविद्यालय चरूहार, जियायक में सामाजिक परिवर्तन के महानायक मान्यवर कांशीराम जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर श्री अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं एमएलसी श्री स्वामी प्रसाद मौर्य के पिताजी स्वर्गीय बदलू मौर्य की प्रतिमा का भी अनावरण किया। कार्यक्रम का आयोजन श्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने किया था।
इस अवसर पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि श्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपनी संस्था में मान्यवर कांशीराम जी की प्रतिमा लगवाकर जिस राजनीति की शुरुआत की है, उसके लिए उन्हें बधाई। मान्यवर कांशीराम जी ने नई तरह की राजनीति की शुरुआत की थी। उनके साथ जो भेदभाव हुआ उसको देखकर उन्होंने जो शुरुआत की, उससे परिवर्तन आया। उन्होंने बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के रास्ते पर चलकर समाज के सबसे पिछड़े तबके के लोगों को जगाने के लिए घर-घर जाकर काम किया।
श्री यादव ने कहा कि हम बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर और मान्यवर कांशीराम के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं। हम बहुजन समाज में सेंध लगाने नहीं, बहुजन समाज को बांधने वाले हैं। नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव और मान्यवर कांशीराम ने देश में एक नई तरह की राजनीति शुरू की थी। नेताजी ने मान्यवर कांशीराम जी को इटावा से लोकसभा जिताकर दिल्ली संसद में में पहुंचाने में मदद की थी और देश में नई राजनीति की शुरूआत की थी। आज समाज को जोड़ने की जरूरत है। समाजवादी आंदोलन में डॉ0 राममनोहर लोहिया ने जो रास्ता दिखाया था, वह वही रास्ता है जो बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर और मान्यवर कांशीराम जी का है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास तभी हो सकता है, जब जातीय जनगणना हो। बिना जातीय जनगणना के सामाजिक न्याय और सबका साथ, सबका विकास सम्भव नहीं है। भाजपा जिस तरह के फैसले ले रही है, उसमें पिछड़ों, दलितों गरीबों की गिनती नहीं होगी। भाजपा सब कुछ निजी हाथों में सौंप रही है। निजीकरण होने के बाद पिछड़ों, दलितों, को संविधान में दिया गया अधिकार कैसे मिलेंगे?
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह लड़ाई लम्बी है। समाजवादियों ने बहुत प्रयोग किये। हमने भी कोशिश की। हमने बसपा से गठबंधन भी किया। बसपा जीरो से दस पहुंच गयी थी। आज बसपा के सभी बड़े नेता समाजवादी पार्टी में है। उन्होंने कहा कि लोगों को सावधान करते हुए कहा कि भाजपा दूसरों का साथ लेकर भी चुनाव लड़ती है। इसलिए भाजपा से तो सावधान रहना ही होगा। साथ ही जो भाजपा की इनडायरेक्ट मदद करते हैं, उनसे भी सावधान रहना होगा। भाजपा झूठ बोलकर जनता को गुमराह करती है। नौजवानों को रोजगार के नाम पर झूठा प्रचार करती है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। मुख्यमंत्री कहते है प्रतिव्यक्ति आय दोगुनी हो गई लेकिन आम जनता की आय दोगुनी नहीं हुई। सिर्फ भाजपा सरकार के अधिकारियों की आय दोगुनी हुई है। इसी तरह से सरकार यूपी की ग्रोथ रेट का गलत आंकड़े देकर झूठ बोल रही है। वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनामी बनाने का सपना दिखा रही है। झूठ को सच बनाने के लिए अमेरिका की कम्पनी को 200 करोड़ रूपये देकर उसकी मदद ले रही है। किसान अपने फसल की खरीद के लिए मंडी की तलाश कर रहा है। आज गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हो रही है। सरकारी खरीद इसलिए नहीं हो रही है क्योंकि भाजपा सरकार ने देश की कम्पनियों को गेहूं खरीद का लाईसेंस दे दिया है। लाईसेंस देकर आढ़तियों के द्वारा पूरा का पूरा गेहूं खरीदा जाएगा। इसके बाद कारोबारी लोग महंगा आटा बेचेंगे। किसानों के गेहूं की सप्लाई महंगे आटे के रूप में उद्योगपति लोग करेंगे।
श्री यादव ने कहा कि आज सरसों का तेल कहां पहुंच गया। रिफाइंड तेल कहां पहुंच गया। दाल की कीमत, डीजल, पेट्रोल, सिलेण्डर, बिजली की कीमत सब महंगा हो गया। महंगाई और बेरोजगारी पर जनता कुछ न बोले और आवाज न उठाए इसलिए कुछ रुपये का राशन दिया जा रहा है।
श्री यादव ने कहा कि जनता जागरूक हुई है। जनता बदलाव की तरफ चल पड़ी हैं आने वाले समय में लोकसभा चुनाव 2024 और 2027 के विधानसभा चुनाव में देश और उत्तर प्रदेश में बदलाव होगा।
इस अवसर पर श्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज नौजवानों की सरकारी नौकरियां छिन रही है। महंगाई से जनता परेशान हो रही है। नोटबंदी और जीएसटी से देश की आर्थिक कमर टूट गयी है। लघु, मध्यम, व्यापारियों से लूट की जा रही है। भाजपा सामाजिक सद्भाव तोड़ रही हैं लोकतंत्र खतरे में है। संविधान की मर्यादा के साथ खिलवाड़ हो रहा है। भाजपा पिछड़ों, दलितों के आरक्षण को निष्प्रभावी कर रही है। समाज को हिन्दू मुस्लिम में लड़ाने की कोशिश कर रही है। भाजपा ने पहले भी यही कार्य किया था। तब देश के दो बड़े नेता मान्यवर कांशीराम जी और नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव ने मिलकर गठबंधन किया और भाजपा का सफाया किया था। आज बहुजन समाज के तमाम नेता समाजवादी पार्टी में श्री अखिलेश यादव के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज हम सब दलितों, पिछड़ों, और अल्पसंख्यकों के हक और संविधान को बचाने का संकल्प लेते है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की संस्थापक प्रबंधक श्रीमती शिवा मौर्या, उत्कृष्ट अशोक मौर्या ने स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री नरेश उत्तम पटेल, राष्ट्रीय महासचिव श्री इन्द्रजीत सरोज, विधायक श्री राकेश प्रताप सिंह, श्री राहुल लोधी, पूर्व एमएलसी श्री आरएस कुशवाहा, जिलाध्यक्ष इं0 बीरेन्द्र यादव, समाजवादी बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मिठाई लाल भारती, समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी श्री काशीनाथ यादव, समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सोलंकी, श्री सालिक राम मौर्य, श्री बलराम मौर्य समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता के साथ विशाल जनसमूह उपस्थित रहा।
इससे पहले उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक श्री मनोज कुमार पाण्डेय ने रायबरेली ऊंचाहार के टिकट्ठा मुसल्लेपुर थाना जगतपुर में आयोजित स्वागतत कार्यक्रम में श्री अखिलेश यादव का भव्य स्वागत किया। श्री अखिलेश यादव ने इस अवसर पर बड़ी जनसभा को सम्बोधित किया।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता
हम बहुजन समाज में सेंध लगाने नहीं, बहुजन समाज को बांधने वाले हैं :अखिलेश यादव





