समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री माननीय श्री अखिलेश यादव का कहना है कि भाजपा शासन को दबाव में लेकर अपने चुनावी हितों की पूर्ति करती है। शासकीय मशीनरी से चुनाव को प्रभावित करती है। अतः निर्वाचन आयोग, जो एक निष्पक्ष, स्वतंत्र निकाय है, से समाजवादी पार्टी मांग करती है कि स्वतंत्र, पारदर्शी प्रक्रिया को अपनाये जिससे लोकतंत्र की आस्था, चुनाव आयोग की निष्पक्षता बनी रहे।
राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व केबिनेट मंत्री श्री राजेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमण्डल ने आज मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश, लखनऊ को ज्ञापन देकर कहा है कि घोसी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र का उप निर्वाचन-2023 में प्रदेश की भाजपा सरकार एवं केन्द्र सरकार के दो दर्जन से अधिक मंत्रीगण सरकारी वाहनों एवं सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग कर रहे है और मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए दबाव बनाकर आदर्श आचार संहिता की धज्जियां उड़ा रहे हैं। राशन के कोटेदारों, सरकारी विभागों में ठेकेदारी करने वालों तथा व्यापारियों को बुलाकर सत्ताधारी दल के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए अनुचित कार्य कर रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि बिजली विभाग के इंजीनियरों व अधिकारियों द्वारा सपा समर्थक मतदाताओं के घरों में जाकर बिजली चेंकिग की आड़ में भय पैदा करने का कार्य किया जा रहा है। अतः भाजपा सरकार के मंत्रियों, नेताओं, पुलिस प्रशासन तथा बिजली विभाग के इंजीनियरों की कार्यशैली पर प्रभावी ढंग से रोक लगाने तथा आदर्श आचार संहिता का कड़ाई के साथ पालन करवाकर स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक चुनाव सम्पन्न कराये जाने के की मांग की गई है।
ज्ञापन में शिकायत की गई है कि अल्पसंख्यक बाहुल्य आबादी की गलियों में जाकर पुलिस द्वारा घरों के सामने खड़ी बाईक, टैक्टर आदि को जबरन उठाकर पुलिस थाने में कस्टडी में किया जा रहा है। अल्प संख्यकों में डर का माहौल बनाया जा रहा है जिससे कि अल्पसंख्यक मतदान में भाग न ले सके।
श्री चौधरी के अनुसार यह गम्भीर मामला संज्ञान में आया है कि घोसी विधान सभा उपनिर्वाचन क्षेत्र में 15 पुलिस उपनिरीक्षक व 83 हेड कांन्स्टेबल व कांस्टेबल तथा 50 महिला आरक्षियों की ड्यूटी दिनांक 02 सितम्बर 2023 से निर्वाचन सम्पन्न होने तक के लिए लगाई गई है, जिसमें यादव और मुस्लिम नहीं है। यह क्यों नहीं है? 15 पुलिस उपनिरीक्षक व 83 हेड कांन्स्टेबल 50 महिला आरक्षियों की यह सूची भाजपा सरकार के मंत्रियों, नेताओं के इशारे पर बनाई गयी है। इससे मतदान के दिन मतदान का प्रतिशत कम करने की साजिश की जा रही है। भाजपा की कार्य शैली से चुनाव प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि घोसी विधान सभा क्षेत्र के कोपागंज थानाध्यक्ष श्री अमित मिश्रा उत्पीड़न करके मतदाताओं को भयभीत कर रहे है। सपा समर्थक मतदाताओं से मतदान में भाग न लेने की हिदायत दे रहे है। पूर्व में ज्ञापन देने के बावजूद उनपर कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इससे श्री अमित मिश्रा का आतंक और बढ़ गया है। चुनाव काफी प्रभावित होता जा रहा है। यदि तत्काल कार्यवाही न की गई तो समाजवादी पार्टी चुप नहीं रहेगी।
समाजवादी प्रतिनिधिमण्डल में श्री राजेन्द्र चौधरी के साथ सर्वश्री के0के0 श्रीवास्तव, डा0 हरिश्चन्द्र यादव, देवेन्द्र सिंह जीतू, राधेश्याम सिंह तथा नवीन धवन बंटी शामिल थे।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता
सपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन





