लखनऊ में 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, ₹148 करोड़ से ज्यादा की राशि खातों में हस्तांतरित
लखनऊ | शाबू ज़ैदी
लखनऊ में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के अल्प-आय वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरित की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर कक्षाओं में अध्ययनरत 4.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में ₹148 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति हस्तांतरित की गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं स्कूली शिक्षा के दौरान आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि संसाधनों की कमी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।
सरकार की ओर से कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिक्षा एवं युवा सशक्तिकरण से जुड़े संकल्पों के अनुरूप उत्तर प्रदेश में विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। छात्रवृत्ति की राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजे जाने से पारदर्शिता और प्रत्यक्ष लाभ सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति तथा अन्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा से संबंधित योजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही गई।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, मंत्री संजीव कुमार गोंड, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, विधायक जय देवी, अमरेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
सरकार के अनुसार, छात्रवृत्ति से लाभान्वित विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा जारी रखने में आर्थिक सहयोग मिलेगा और इससे प्रदेश में शैक्षिक अवसरों को व्यापक बनाने में मदद मिलेगी।
