उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर लगाई जा रहीं अटकलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। शाह ने मुख्यमंत्री को सभी को साथ लेकर चलने का सुझाव दिया। शुक्रवार को योगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलेंगे। इन मुलाकातों में योगी मुख्यत: कोरोना की दूसरी लहर के प्रकोप और उससे निपटने की राज्य सरकार की कोशिशों पर बात करेंगे।
लेकिन सूत्रों का कहना है कि शाह के साथ बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के समीकरणों, इस लिहाज से नए साथी दलों व प्रभावी चेहरों की तलाश पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात में भी इन्हीं बिंदुओं पर चर्चा हो सकती है। इसके साथ ही राज्य में छोटा मंत्रिमंडल विस्तार संभव है। अटकलें ये भी तेज हो गई हैं कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य के चुनाव में उतरने से पहले केंद्र में भी बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार हो सकता है।