लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ के शताब्दी वर्ष समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ देश के स्वाधीनता समर की अमर कहानी है। यह राष्ट्र के प्रति दायित्व बोध कराने वाला पर्व है। अगले वर्ष 2025 में इस घटना के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं। यह अपने अमर नायकों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन का एक सुअवसर है।
भारतीय स्वाधीनता संग्राम के अमर कथानक ऐतिहासिक ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ का शताब्दी वर्ष पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाए।
इस अवसर पर पूरे एक वर्ष तक विविध कार्यक्रमों के माध्यम से ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ की स्मृतियों को नमन किया जाना चाहिए।
आगामी 09 अगस्त को ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ के शताब्दी वर्ष की शुरुआत पर काकोरी में आयोजित कार्यक्रम से स्वाधीनता दिवस तक ‘हर घर तिरंगा’ फहरा कर अमर शहीदों को नमन भी किया जाएगा।
काकोरी में मुख्य समारोह के आयोजन के बाद प्रदेश के प्रत्येक शहीद स्मारक पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।
09 अगस्त को स्कूलों में प्रभात फेरी निकाली जाए। स्कूलों, कॉलेजों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से संबंधित डिबेट का आयोजन किया जाए।
साथ ही, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संबंध में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाए। प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को पुरस्कृत भी किया जाए।
09 अगस्त को स्थानीय या क्षेत्रीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से संबंधित पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाए। प्रत्येक शहीद स्मारक पर पुलिस बैंड के माध्यम से राष्ट्रगीत की धुन बजायी जाए। इससे पूर्व, शहीद स्मारकों के आस-पास स्वच्छता का अभियान संचालित किया जाए।
विभिन्न अस्पतालों में फलों का वितरण किया जाए, युवाओं द्वारा रक्तदान किया जाए। साथ ही, ‘एक पेड़ मां के नाम’ पर पौधरोपण भी किया जाए।
13 अगस्त 2024 से 15 अगस्त 2024 के बीच हर घर पर तिरंगा लगाए जाए। यह एक जन आंदोलन के रूप में आयोजित किया जाए।
एक पोर्टल तैयार किया जाए, जिस पर लोग अपने घरों पर तिरंगा लगाने के बाद सेल्फी लेकर उसे अपलोड करें।





