लॉकडाउन की वजह से यूपी बिहार समेत कई राज्यों में प्रवासी श्रमिकों की वापसी हुई थी, जिसके बाद वहां कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ गए थे। हालांकि, अब जब मजदूरों की वापसी की रफ्तार कम हुई है तो फिर कोरोना के मामले कम होने लगे हैं। विभिन्न राज्यों ने घर लौटे प्रवासी श्रमिकों को 21 दिनों के लिए क्वारंटाइन में रखा था। अधिकारियों का कहना है कि मामलों में कमी इसलिए आई क्योंकि जून के पहले और दूसरे सप्ताह में श्रमिक पहले की तुलना में कम वापस आ रहे हैं।
बिहार के स्वास्थ्य सचिव, लोकेश कुमार सिंह ने कहा, ‘श्रमिकों की वापसी का पीक अब खत्म हो चुका है।’ बिहार में एक जून को 3923 मामले थे, जोकि 15 जून को बढ़कर 6581 हो गए। सिंह ने कहा कि हालांकि, संख्या में बढ़ोतरी हुई है लेकिन पहले के मुकाबले गति काफी धीमी है। जून के पहले हफ्ते में 12 फीसदी की रफ्तार से मामलों में तेजी आई तो दूसरे सप्ताह यह घटकर 10.81 फीसदी हो गया।