समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व रक्षा मंत्री भारत सरकार पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की हालत स्थिर बनी हुई है। मुलायम सिंह यादव को पेशाब की नली में संक्रमण के बाद गुरुवार देर रात लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल ने शुक्रवार रात अस्पताल जाकर मुलायम सिंह यादव का हाल लिया।
मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉक्टर राकेश कपूर ने बताया कि मुलायम सिंह यादव को संक्रमण की शिकायत के बाद गुरुवार देर रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर अस्पताल लाया गया था। कोरोना संक्रमण के लिए भी उनकी जांच की गई जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की सख्त निगरानी में मुलायम सिंह यादव का इलाज किया जा रहा है और इस वक्त उनकी हालत स्थिर है। उनका अल्ट्रासाउंड और खून व पेशाब की जांच की जा रही है।