मेदान्ता हॉस्पिटल में भर्ती पूर्व मंत्री व सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के गुर्दे का संकमण कम हुआ है। गुरुवार को उनकी तबीयत पहले से बेहतर है। हालांकि उन्हें पेशाब सम्बन्धी परेशानी लगातार बनी है। वह इस समय नली (कैथेटर) से पेशाब कर रहे हैं। मेदान्ता अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर व यूरोलॉजिस्ट डॉ. राकेश कपूर की निगरानी में इलाज चल रहा है। उधर आजम के बेटे अब्दुल्ला की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव है। पोस्ट कोविड से जुड़ी कुछ दिक्कतें हैं जिनका उपचार चल रहा है। गौरतलब है कि पूर्व मंत्री आजम खान व उनके बेटे अब्दुल्ला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। दोनों सीतापुर जेल में संक्रमण का शिकार हो गए थे। गत नौ मई को उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर बताते हैं कि आजम का गुर्दा रोग विशेषज्ञ और क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।