पटना बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 1239 नवनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया। 1239 नवनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों में 442 महिलाएं चयनित हुई हैं। सभी नवनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं। विश्वास है कि सभी नवनियुक्त कर्मी अपनी जिम्मेवारियों को बखूबी निभाएंगे।
वर्ष 2005 में जब हमलोग सरकार में आए तो कानून-व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए। वर्ष 2005 में पुलिस बल की संख्या लगभग 42 हजार थी। हमने पुलिस की बहाली की प्रक्रिया को तेज किया और अब पुलिस बल की संख्या 1 लाख 10 हजार हो गई है। वर्ष 2013 में पुलिस बल में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया, जिससे पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़ी और आज बिहार पुलिस में महिलाओं का अनुपात देश में सबसे ज्यादा है।
वर्ष 2020 में सात निश्चय-2 के अंतर्गत हमलोगों ने 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने की बात कही थी। 10 लाख नौकरी देने की जो बात कही गई थी, उसमें 7 लाख 16 हजार लोगों को नौकरी दी जा चुकी है। अब हमने जून 2025 तक 10 लाख की जगह 12 लाख नौकरियां देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। दूसरी ओर अब तक 24 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है एवं 10 लाख लोगों को और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।




